अंबाला में दिन-दहाड़े आतंक: एक्टिवा छीनने आए बदमाशों ने युवक को चाकू से गोदा
Apr 10, 2026 3:01 PM
अंबाला। अंबाला शहर का हृदय स्थल कहा जाने वाला 12 क्रॉस रोड इलाका आज दोपहर उस समय दहल उठा, जब हथियारबंद बदमाशों ने सरेआम एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। बकरा मार्केट जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात ने शहर की कानून व्यवस्था और पुलिस की गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, 3-4 नकाबपोश युवकों ने एक राहगीर को रोककर उसकी एक्टिवा छीनने की कोशिश की। जब युवक ने दिलेरी दिखाते हुए अपनी संपत्ति बचाने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने दरिंदगी की हदें पार कर दीं।
बीच-बचाव करने आए लोगों को भी धमकाया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। उनके पास केवल सब्जी काटने वाले चाकू ही नहीं, बल्कि अन्य धारदार हथियार भी थे। जब युवक ने एक्टिवा की चाबी देने से इनकार किया, तो बदमाशों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर जब आसपास के दुकानदार और राहगीर बीच-बचाव के लिए दौड़े, तो बदमाशों ने उन पर भी हथियार तान दिए और डरा-धमकाकर पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। बाजार के बीचों-बीच बदमाशों के इस दुस्साहस ने स्थानीय व्यापारियों के होश उड़ा दिए हैं।
पुलिस को देख गलियों में ओझल हुए नकाबपोश
वारदात के तुरंत बाद किसी ने डायल 112 को सूचना दी। राहत की बात यह रही कि पुलिस की पीसीआर वैन चंद मिनटों में मौके पर पहुँच गई। पुलिस की नीली बत्ती देख हमलावरों के हौसले पस्त हो गए और वे पास की तंग गलियों का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए खून से लथपथ घायल युवक को अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उसका उपचार कर रही है। फिलहाल घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन शरीर पर घाव काफी गहरे हैं।
सीसीटीवी फुटेज से कातिलों की तलाश, व्यापारियों में आक्रोश
शहर के सबसे व्यस्त बाजारों में से एक में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। व्यापारियों का कहना है कि अगर दिन-दहाड़े इस तरह की लूटपाट और कत्लेआम की कोशिश होगी, तो लोग सुरक्षित कैसे रहेंगे? इधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मार्केट में लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के हुलिए और भागने के रूट की पहचान कर ली गई है। सीआईए और स्थानीय पुलिस की टीमें संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने का आश्वासन दिया गया है।