Search

अंबाला की लेडी डॉक्टर ने देहरादून में किया सुसाइड: HOD पर प्रताड़ना का आरोप, सामने आई आखिरी कॉल रिकॉर्डिंग

Mar 26, 2026 10:51 AM

अंबाला। हरियाणा के अंबाला की एक और प्रतिभावान बेटी सिस्टम और प्रताड़ना की भेंट चढ़ गई। देहरादून के श्री गुरु राम राय (SGRR) मेडिकल कॉलेज से मास्टर ऑफ सर्जरी (MS) की पढ़ाई कर रही 26 वर्षीय डॉ. तन्वी ने जहरीला इंजेक्शन लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। यह दुखद घटना 24 मार्च की रात की है, जब बेटी का फोन न उठने पर परेशान पिता खुद अंबाला से देहरादून पहुंचे। वहां इंद्रेश अस्पताल के पास खड़ी कार में तन्वी बेसुध मिलीं, उनके हाथ में कैनुला लगा था और पास ही एक खाली इंजेक्शन की बोतल पड़ी थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

"बहुत परेशान हूं पापा..."— आखिरी कॉल और वो आधा घंटा

डॉ. तन्वी के पिता डॉ. ललित मोहन ने बताया कि उनकी बेटी पिछले चार महीनों से अपनी हेड ऑफ डिपार्टमेंट (HOD) डॉ. प्रियंका गुप्ता के व्यवहार से बेहद तनाव में थी। मौत से कुछ देर पहले हुई बातचीत में तन्वी ने रुंधे गले से कहा था कि अब बर्दाश्त से बाहर है। तन्वी ने अपनी एचओडी के साथ हुई तल्ख बातचीत की करीब आधे घंटे की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी अपने पिता को भेजी थी। पिता का आरोप है कि तन्वी से रुपयों की डिमांड की जा रही थी और उसे जानबूझकर मानसिक रूप से तोड़ा जा रहा था।

एग्जाम से चंद महीने पहले टूटा डॉक्टर बनने का सपना

हैरानी और दुख की बात यह है कि इसी साल जुलाई में तन्वी के फाइनल एग्जाम होने थे, जिसके बाद उसकी MS की डिग्री पूरी हो जाती। एक डॉक्टर पिता की आंखों का तारा रही तन्वी खुद भी एक सफल सर्जन बनने के करीब थी, लेकिन मेडिकल कॉलेज के भीतर के कथित 'टॉक्सिक' माहौल ने उसे मौत चुनने पर मजबूर कर दिया। पुलिस को सौंपी गई शिकायत में पिता ने साफ तौर पर डॉ. प्रियंका गुप्ता को इस सुसाइड के लिए जिम्मेदार ठहराया है।

पुलिसिया कार्रवाई और सबूतों का पुलिंदा

देहरादून पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी डॉक्टर प्रियंका गुप्ता के खिलाफ धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच अधिकारियों का कहना है कि पिता द्वारा सौंपी गई ऑडियो रिकॉर्डिंग इस केस का सबसे अहम डिजिटल साक्ष्य है। आधे घंटे की इस रिकॉर्डिंग में कथित तौर पर कॉलेज के भीतर होने वाली प्रताड़ना और दबाव की पुष्टि हो रही है। फिलहाल पुलिस कॉलेज प्रशासन और अन्य छात्रों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है ताकि इस 'सुसाइड मिस्ट्री' की हर परत उघड़ सके।

You may also like:

Please Login to comment in the post!