मोहड़ा फाटक के पास बदमाशों का तांडव, गाड़ी के शीशे तोड़ महिलाओं और बच्ची को पीटा
May 04, 2026 3:38 PM
अंबाला (जग मार्ग)। अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे पर रविवार शाम बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को ठेंगे पर रखकर सरेराह जमकर उत्पात मचाया। मोहड़ा फाटक के पास एक स्कॉर्पियो और बाइक पर सवार होकर आए करीब आधा दर्जन बदमाशों ने एक फॉर्च्यूनर गाड़ी को घेर लिया और फिल्मी अंदाज में उसमें सवार परिवार पर लोहे की रॉड से हमला बोल दिया। इस जानलेवा हमले में महिलाओं और एक मासूम बच्ची सहित परिवार के पांच सदस्य घायल हुए हैं। घटना के पीछे फिरौती और उगाही का एक बड़ा नेक्सस सामने आ रहा है।
गाड़ी के शीशे तोड़े, रॉड से किया वार
हादसे का शिकार हुए करनाल के माखुमाजरा निवासी रणधीर सिंह ने बताया कि वह रविवार शाम करीब 6 बजे अपनी पत्नी सुदेश रानी, पुत्रवधू शालिनी और पोती आस्था के साथ इस्माइलपुर गांव से वापस लौट रहे थे। जब वे मोहड़ा फाटक के पास पहुँचे, तो फाटक बंद होने के कारण उन्होंने अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी वापस मोड़ने की कोशिश की। तभी अचानक एक सफेद स्कॉर्पियो और बाइक पर सवार 6-7 बदमाशों ने उनकी गाड़ी के आगे अपना वाहन अड़ा दिया।
बदमाशों के इरादे भांपकर रणधीर ने गाड़ी के दरवाजे भीतर से लॉक कर लिए, लेकिन हमलावरों ने सरेराह गुंडागर्दी करते हुए लोहे की रॉड से गाड़ी के सभी शीशे चकनाचूर कर दिए और भीतर बैठे बुजुर्गों व महिलाओं पर हमला कर दिया।
"सोनीपत का गिरोह अब तक वसूल चुका है 4 करोड़"
पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी शिकायत में एक सनसनीखेज खुलासा किया है। रणधीर सिंह का आरोप है कि सोनीपत के नयावास निवासी रमेश पहलवान का गिरोह पिछले तीन साल से उनके पीछे पड़ा हुआ है। वह अब तक उन्हें डरा-धमकाकर करीब 4 करोड़ रुपये वसूल चुका है। अब रमेश और उसके साले मोनू ने 5 करोड़ रुपये की और फिरौती मांगी है। रणधीर का कहना है कि पैसे देने से मना करने पर ही बदमाशों ने उन पर यह हमला किया है ताकि पूरे परिवार को खत्म किया जा सके।
पड़ाव थाना पुलिस ने दर्ज की FIR
वारदात की सूचना मिलते ही पड़ाव थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को अस्पताल पहुँचाया। पुलिस ने रणधीर सिंह की तहरीर पर मुख्य आरोपी विक्रम उर्फ पागल और अन्य हमलावरों के खिलाफ दंगा करने (धारा 191(2)), घातक हथियारों से लैस होकर हमला करने (191(3)) सहित फिरौती की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
अंबाला पुलिस की टीमें अब सोनीपत और आसपास के इलाकों में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। नेशनल हाईवे पर हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने एक बार फिर हाईवे सुरक्षा और फिरौती मांगने वाले गैंग्स के सक्रिय होने पर मुहर लगा दी है।