Search

अंबाला में पुलिस का चौतरफा एक्शन: 4 महीने से फरार मुख्य अफीम तस्कर गिरफ्तार

May 15, 2026 2:39 PM

अंबाला। अंबाला जिला पुलिस ने नशे के सौदागरों और अपराधियों के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। नग्गल थाना पुलिस ने अफीम तस्करी के एक मामले में पिछले चार महीनों से वांछित चल रहे मुख्य आरोपी संदीप कुमार उर्फ सुंदरी (निवासी माजरी) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी संदीप गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। गुरुवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस का मानना है कि संदीप से पूछताछ के बाद इस अवैध धंधे में शामिल कई अन्य बड़े चेहरों का पर्दाफाश हो सकेगा। गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस पहले ही मिया माजरा के रहने वाले प्रीतम सिंह को दबोच चुकी है।

दुर्गा कॉलोनी में महिला से लूटपाट करने वाला विरेंद्र सिंह दबोचा, न्यायिक हिरासत में भेजा

दूसरी तरफ, नारायणगढ़ थाना पुलिस ने भी एक शातिर लुटेरे को दबोचने में सफलता पाई है। बीती 21 अप्रैल को दुर्गा कॉलोनी में एक महिला के कान की बालियां जबरन लूटने के मामले में बाकरपुर गांव के विरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए गहने और वारदात के वक्त इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू बरामद कर लिया है। तफ्तीश में सामने आया है कि विरेंद्र का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और इससे पहले भी एक लूट के मामले में उससे नकली पिस्टल और आभूषण बरामद किए जा चुके हैं। इस संबंध में पीड़ित महिला ने 22 अप्रैल को मामला दर्ज कराया था। गुरुवार को कोर्ट ने आरोपी विरेंद्र को न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया है।

कालपी गांव में कार को आग लगाने वाला दीपू गिरफ्तार, रंजिश का था मामला

इधर साहा क्षेत्र के कालपी गांव में एक घर के आंगन में खड़ी कार को आग के हवाले करने वाले आरोपी को भी पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। 7 मई को हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में थी। पकड़े गए आरोपी की पहचान कालपी के ही मंदीप चंद उर्फ दीपू के रूप में हुई है। नारायणगढ़ थाना पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात साफ हुई है कि आरोपी की पीड़ित गुरिंद्र सिंह के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसका बदला लेने के लिए उसने आधी रात को घर में घुसकर गाड़ी को फूंक दिया था। गुरुवार को पेशी के बाद अदालत ने दीपू को सीधे जेल भेजने के आदेश जारी कर दिए।

You may also like:

Please Login to comment in the post!