Search

अंबाला पुलिस पर हत्या का दाग: हिरासत से गायब युवक का शव नाले में मिला, एएसआई मोहन लाल गिरफ्तार

Mar 25, 2026 4:31 PM

अंबाला। अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल के बाहर 21 मार्च की रात जो कुछ हुआ, उसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। पेशे से इलेक्ट्रीशियन अमन और उसका दोस्त अशोक (पेंटर) अस्पताल के बाहर मौजूद थे, जहाँ अशोक की बीमार मां दाखिल थी। आरोप है कि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने की बात को लेकर गश्त पर तैनात एएसआई मोहन लाल ने उन्हें न केवल थप्पड़ मारे, बल्कि जबरन थाने ले गए। परिजनों का दावा है कि थाने की चारदीवारी के भीतर भी दोनों युवकों के साथ बर्बरता की गई।

रहस्यमयी ढंग से 'गायब' हुआ अमन: पुलिस के विरोधाभासी बयानों ने उलझाया मामला

घटनाक्रम में मोड़ तब आया जब देर रात पुलिस अशोक को मेडिकल के बहाने साथ ले गई और बीच रास्ते में छोड़ दिया, लेकिन अमन का कोई अता-पता नहीं चला। अगली सुबह 3 बजे परिजनों को फोन कर बताया गया कि अमन थाने में है, उसे ले जाओ। मगर जब बेहाल परिजन थाने पहुँचे, तो पुलिस ने पल्ला झाड़ते हुए कह दिया कि "अमन तो जा चुका है।" दो दिनों तक दर-दर भटकने के बाद परिजनों को अमन की तलाश उस वक्त खत्म हुई, जब उसका बेजान शरीर एक गंदे नाले में पड़ा मिला।

परिजनों का आक्रोश: "यह हादसा नहीं, वर्दी की आड़ में कत्ल है"

अमन का शव मिलते ही अंबाला में माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों ने सीधे तौर पर एएसआई मोहन लाल को इस मौत का जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि अगर अमन थाने से चला गया था, तो वह घर क्यों नहीं पहुँचा? नाले में उसका शव मिलना साफ इशारा करता है कि उसके साथ अनहोनी हुई है। भारी दबाव और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अंबाला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपने ही साथी अधिकारी पर कत्ल का मुकदमा ठोक दिया है।

खाकी की साख दांव पर: एसपी ने दिए निष्पक्ष जांच के आदेश

अंबाला के पुलिस कप्तान (SP) अजीत सिंह शेखावत ने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह पुलिस का अधिकारी ही क्यों न हो। उन्होंने बताया कि एएसआई मोहन लाल के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब उस रूट के तमाम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है जहाँ से अमन के गुजरने का दावा किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि यह साफ हो सके कि अमन की मौत नाले में डूबने से हुई या उसे मारकर वहां फेंका गया।

You may also like:

Please Login to comment in the post!