नशा तस्करों पर अंबाला पुलिस का कड़ा प्रहार: "ऑपरेशन मैदान" के तहत पुलिस बल के साथ सर्च अभियान, कई वाहन ज़ब्त
Jun 02, 2026 3:32 PM
अम्बाला: पुलिस महानिरीक्षक (अंबाला मंडल) पंकज नैन के दिशा-निर्देशों और पुलिस अधीक्षक अंबाला अजीत सिंह शेखावत के नेतृत्व में अंबाला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में अंबाला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष "ऑपरेशन मैदान" के तहत आज सुबह-सुबह अंबाला शहर की डेहा कालोनी में एक बड़ा सर्च अभियान चलाया गया। एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) की टीम ने निरीक्षक ऋषिपाल तथा प्रबंधक थाना अंबाला शहर सुनीता ढाका के नेतृत्व में थाना अंबाला शहर पुलिस, स्वैट (SWAT) टीम, डॉग स्क्वायड, कमांडो और दुर्गा शक्ति टीम के साथ मिलकर डेहा कालोनी में विशेष सर्च अभियान चलाया। इस दौरान आदतन और संदिग्ध नशा तस्करों के घरों की सघन तलाशी ली गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए कई मकानों को खंगाला, जिसमें 04 संदिग्ध मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी और 01 फॉर्चूनर गाड़ी को ज़ब्त किया गया है। इन सभी वाहनों के कागजात तस्दीक होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बता दें कि बीते कल भी थाना महेश नगर क्षेत्र में ऐसा ही सर्च अभियान चलाया गया था। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने नशा तस्करों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अब किसी भी सूरत में नशा माफिया को बख्शा नहीं जाएगा। अंबाला पुलिस अब तस्करों की कमर तोड़ने के लिए चौतरफा रणनीति पर काम कर रही है।
संपत्ति की जांच: नशा तस्करी में पकड़े जाने पर आरोपी की चल-अचल संपत्ति की गहन जांच की जाएगी। अवैध कमाई को रोकने के लिए बैंक अकाउंट खंगाले जाएंगे और उन्हें तुरंत सील किया जाएगा।
PIT NDPS एक्ट: आदतन अपराधियों के खिलाफ PIT NDPS (Prevention of Illicit Traffic in Narcotic Drugs and Psychotropic Substances) कानून के तहत निवारक कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा।
एसपी अंबाला ने बताया कि यह सर्च अभियान अब जिले में निरंतर जारी रहेगा। नशा तस्करों पर पैनी नजर रखने और उनका जाल तोड़ने के लिए पुलिस कर्मचारियों को सिविल कपड़ों (सादे कपड़ों) में भी तैनात किया गया है, जो खुफिया तौर पर इन अपराधियों पर नजर रखेंगे। अंबाला पुलिस ने नशा तस्करों को साफ चेतावनी दी है कि वे या तो यह काला धंधा छोड़ दें, अन्यथा जेल जाने के लिए तैयार रहें। पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि आपके आसपास कोई भी व्यक्ति नशा बेचता या तस्करी करता पाया जाता है, तो इसकी सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 9729990112 पर दें। सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।