Search

20 मई को अंबाला पुलिस लाइन में सीधी भर्ती, 25 से 50 साल के पूर्व फौजी कर सकेंगे आवेदन

May 16, 2026 5:49 PM

अंबाला। रिटायरमेंट के बाद भले ही फौजी अपनी वर्दी उतार देते हैं, लेकिन उनके भीतर का कड़ा अनुशासन और सुरक्षा की भावना ताउम्र जिंदा रहती है। इसी अनुभव और जज्बे का इस्तेमाल अब अंबाला पुलिस अपने बेड़े को मजबूत करने के लिए करने जा रही है। पुलिस विभाग ने विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) के 26 खाली पदों को भरने की कवायद शुरू कर दी है। इस भर्ती को केवल एक रोजगार के तौर पर नहीं, बल्कि उन अनुभवी हाथों को दोबारा कानून व्यवस्था की कमान सौंपने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है, जो विपरीत परिस्थितियों को संभालने में माहिर हैं।

कौन कर सकता है आवेदन, क्या हैं शर्तें और मिलने वाली सुविधाएं?

इस विशेष भर्ती अभियान में शामिल होने के लिए नियम और शर्तें बेहद स्पष्ट रखी गई हैं। आवेदन करने वाले उम्मीदवार का हरियाणा का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। भर्ती का दायरा सिर्फ पूर्व सैनिकों और पूर्व में हटाए गए एचएसआइएसएफ (HSISF) के सिपाहियों तक सीमित रहेगा। विभाग ने साफ किया है कि अनुशासनहीनता, कोर्ट मार्शल या मेडिकल अनफिट होने के कारण नौकरी गंवाने वाले लोग इस प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बन सकेंगे।

चयनित जवानों को शुरुआत में एक साल के अनुबंध (Contract) पर रखा जाएगा। इस दौरान सरकार की तरफ से तय मानदेय सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर होगा। इसके अलावा जॉइनिंग के वक्त वर्दी और जूतों के लिए 3000 रुपये का एकमुश्त भत्ता दिया जाएगा। वहीं, सरकारी काम से जिले से बाहर भेजे जाने पर 150 रुपये प्रतिदिन का यात्रा और दैनिक भत्ता (TA/DA) भी देय होगा।

कड़े अनुशासन के बीच नजदीकी थानों में मिलेगी तैनाती, ले जाने होंगे ये दस्तावेज

कानून व्यवस्था और पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट नीति बनाई है। किसी भी एसपीओ को उसके गृह थाना क्षेत्र में पोस्टिंग नहीं मिलेगी, ताकि स्थानीय रसूख या पक्षपात की गुंजाइश न रहे। हालांकि, उन्हें उनके घर के पास के थानों में लगाने की कोशिश जरूर की जाएगी। अनुशासन के मामले में पुलिस मैनुअल पूरी तरह लागू होगा और किसी भी कोताही पर एसपी या डीसीपी बिना किसी नोटिस के सीधे सेवा समाप्त करने का अधिकार रखेंगे।

भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 20 मई की सुबह 9 बजे से पहले अपनी चार पासपोर्ट साइज फोटो, मूल शैक्षणिक दस्तावेज, डिस्चार्ज बुक (पूर्व सैनिकों के लिए), सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और एचएसआइएसएफ का सर्टिफिकेट लेकर पुलिस लाइन पहुंचना होगा। नियत समय के बाद आने वाले उम्मीदवारों को गेट के भीतर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!