Search

बाला में तिहरा हत्याकांड: मिट्टी खनन के ठेके के विवाद में पोते ने दादी, चाचा और भाई को गोलियों से भूना

May 24, 2026 9:58 AM

अंबाला। हरियाणा का अंबाला शनिवार देर शाम गोलियों की गूंज से दहल उठा। बिचपड़ी गांव में एक सनकी युवक ने मामूली कारोबारी विवाद में अपने ही हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया। मिट्टी खनन के ठेके में हिस्सेदारी को लेकर उपजे विवाद में युवक इस कदर अंधा हुआ कि उसने अपनी सगी दादी, चाचा और बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

खनन के ठेके से शुरू हुआ विवाद और बरसने लगीं गोलियां

पुलिस जांच के मुताबिक, बिचपड़ी गांव के इस परिवार की दो किला जमीन से मिट्टी खुदाई का काम चल रहा है। इस मिट्टी के ठेके से होने वाली कमाई की हिस्सेदारी को लेकर आरोपी अभिषेक का पिछले कई दिनों से परिवार के बाकी सदस्यों के साथ झगड़ा चल रहा था। शनिवार शाम जब अभिषेक घर लौटा, तो वह इसी बात को लेकर दोबारा उलझ गया। बहस बढ़ती देख 95 वर्षीय बुजुर्ग दादी इसरो देवी ने उसे शांत कराने और विवाद खत्म करने की कोशिश की, लेकिन अभिषेक का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने बिना सोचे-समझे अपनी पिस्टल निकाली और सीधे अपनी दादी पर फायर झोंक दिया।

बीच-बचाव करने आए रिश्तों को भी आरोपी ने नहीं बख्शा

दादी को गोली लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई और वह मौके पर ही ढेर हो गईं। मां को खून से लथपथ देख जब चाचा महेंद्र सिंह और चाची बीच-बचाव के लिए आगे बढ़े, तो आरोपी ने उन पर भी ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इसी दौरान जब बड़ा भाई संदीप अपनी जान की परवाह न करते हुए अभिषेक को पकड़ने दौड़ा, तो आरोपी ने उसे भी गोली मार दी। गोलियों की आवाज सुनकर जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा होते, आरोपी अभिषेक हथियार लहराता हुआ फरार हो चुका था।

रास्ते में तोड़ा दम, घायल चाची पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती

लहूलुहान हालत में तीनों घायलों को तुरंत स्थानीय सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। हालांकि, जख्म इतने गहरे थे कि चाचा महेंद्र और बड़े भाई संदीप ने चंडीगढ़ पहुंचने से पहले रास्ते में ही दम तोड़ दिया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल चाची का इस समय पीजीआई में इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस टीमों का गठन, आरोपी की तलाश तेज

वारदात की सूचना मिलते ही अंबाला पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम के साथ बिचपड़ी गांव पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। अंबाला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी अभिषेक की धरपकड़ के लिए सीआईए समेत पुलिस की कई स्पेशल टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।


You may also like:

Please Login to comment in the post!