Search

बराड़ा में नशे का 'पारिवारिक' बिजनेस फेल: मां और दो बेटों समेत 4 तस्कर हेरोइन के साथ गिरफ्तार

Apr 01, 2026 2:30 PM

अंबाला।  अंबाला जिले के बराड़ा क्षेत्र में नशे के सौदागरों ने अब परिवारों को ही इस काले धंधे का हिस्सा बनाना शुरू कर दिया है। बराड़ा पुलिस ने एक ऐसे ही गिरोह का पर्दाफाश किया है जिसमें मां अपने दो बेटों के साथ मिलकर हेरोइन की तस्करी कर रही थी। डीएसपी बराड़ा सुरेश कुमार के नेतृत्व में उप-निरीक्षक रणबीर सिंह और सहायक उप-निरीक्षक नसीब सिंह की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर पंडित ढाबा के पास जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी दोसड़का की तरफ से अपनी गाड़ी में नशे की खेप लेकर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। 

मां-बेटे और सप्लायर पुलिस के हत्थे चढ़े

कार में सवार आरोपियों की पहचान सलमान उर्फ माडू और नसीम उर्फ घुग्गी के रूप में हुई है, जिनके साथ उनकी मां भी तस्करी में बराबर की साझीदार निकली। तलाशी के दौरान इनके पास से 34 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने उगला कि वे यह माल गांव थम्बड़ निवासी राजदीप से खरीदकर लाए थे। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए राजदीप के ठिकाने पर दबिश दी और उसे उसकी बाइक व 9 हजार रुपये की ड्रग मनी के साथ काबू कर लिया। पुलिस को अंदेशा है कि महिला की बेटी भी इस गिरोह का हिस्सा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

अपराधियों की संपत्ति पर चलेगा बुलडोजर

इस कार्रवाई के बाद डीएसपी सुरेश कुमार ने कड़े तेवर अपनाते हुए साफ कर दिया है कि नशा तस्करों के दिन अब गिनती के बचे हैं। उन्होंने बताया कि इन आरोपियों ने नशे के व्यापार से जो भी चल-अचल संपत्ति अर्जित की है, उसे फ्रीज (सीज) करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इतना ही नहीं, इनके द्वारा अवैध रूप से बनाए गए मकानों पर प्रशासन का 'पीला पंजा' चलना तय है। पुलिस का मकसद केवल तस्करों को जेल भेजना नहीं, बल्कि उनके आर्थिक साम्राज्य को पूरी तरह ध्वस्त करना है।

रिमांड पर खुलेगा और भी कच्चा चिट्ठा

पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। नसीम उर्फ घुग्गी पहले से ही नशा तस्करी के मामलों में वांछित चल रहा था, जबकि सलमान पर मारपीट के मुकदमे दर्ज हैं। अदालत में पेशी के बाद सलमान और उसकी मां को जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य कड़ी नसीम और राजदीप को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि इस नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और दिल्ली या अन्य बड़े शहरों से इन्हें सप्लाई कौन दे रहा था।

You may also like:

Please Login to comment in the post!