Search

Ambala News: ऑस्ट्रेलिया से अंबाला तक गूंजा अनिल विज का नाम: हजारों किलोमीटर दूर बैठे भारतीयों के दिलों में बसती है उनकी लोकप्रियता

Jun 19, 2026 3:55 PM

अम्बाला। (चन्द्र शेखर धरणी) हरियाणा की सियासत में अपनी बेबाकी और कड़क कार्यशैली के लिए मशहूर कैबिनेट मंत्री अनिल विज का जादू अब सिर्फ सूबे की सीमाओं तक सीमित नहीं है। उनकी लोकप्रियता का दायरा हजारों किलोमीटर दूर ऑस्ट्रेलिया में बैठे प्रवासी भारतीयों (NRIs) के दिलों तक फैल चुका है। इसका ताजा उदाहरण तब देखने को मिला जब ऑस्ट्रेलिया में हरियाणा के व्यापारियों के संगठन के उपाध्यक्ष अमरदीप सिंह मलिक विशेष रूप से अंबाला पहुंचे। उन्होंने गृह राज्य आते ही सबसे पहले अनिल विज से मुलाकात की और उनके प्रति अपनी श्रद्धा व सम्मान प्रकट किया। मलिक ने बताया कि वे पिछले तीन-चार सालों से लगातार सोशल मीडिया के जरिए विज के काम करने के अनूठे अंदाज को फॉलो कर रहे हैं।

गीता जयंती महोत्सव ने बढ़ाई नजदीकियां, बेबाक अंदाज के कायल हुए विदेशी भारतीय

प्रवासी नेता अमरदीप मलिक ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए बताया कि कुछ साल पहले गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के मार्गदर्शन में ऑस्ट्रेलिया की धरती पर भव्य अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आयोजन हुआ था। उस कार्यक्रम में अनिल विज बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे। मलिक के अनुसार, उस दौरान विज ने मंच से जो विचार रखे थे, उनकी निष्पक्ष सोच और जो बिना लाग-लपेट के बोलने की आदत है, उसने वहां मौजूद समूचे भारतीय समुदाय पर एक गहरी छाप छोड़ी थी। तभी से ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले तमाम हरियाणवी और भारतीय उनके प्रशंसक बन गए और आज भी उनके सार्वजनिक जीवन और जनता दरबारों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बड़ी रुचि के साथ देखते हैं।

'दिल में थी मिलने की तमन्ना, इसलिए फ्लाइट लैंड होते ही सीधे अंबाला आया'

मूल रूप से हरियाणा के रोहतक जिले से ताल्लुक रखने वाले अमरदीप मलिक ने बताया कि भारत आने से पहले ही उन्होंने ठान लिया था कि इस बार अनिल विज से आमने-सामने मुलाकात करनी है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जहां नेता नपा-तुला और सियासी नफा-नुकसान देखकर बयान जारी करते हैं, वहीं अनिल विज जो सोचते हैं, उसे पूरी निर्भीकता के साथ जनता के सामने रख देते हैं। यही वजह है कि उनकी विश्वसनीयता सबसे अलग और मजबूत है। मलिक ने यह भी साझा किया कि विज केवल एक कड़क राजनेता ही नहीं हैं, बल्कि उनके भीतर का कलाकार और उनके गाए गीत भी विदेशों में खूब सुने जाते हैं।

मोदी की टीम के सबसे ईमानदार सिपाही, जनता के लिए हमेशा खुले हैं द्वार

अमरदीप मलिक ने अनिल विज की कार्यशैली पर चर्चा करते हुए कहा कि ग्राउंड जीरो पर फीडबैक लेने के दौरान उन्हें हर तरफ से सकारात्मक बातें सुनने को मिलीं। अंबाला में यह धारणा आम है कि विज की चौखट पर पहुंचने वाला कोई भी गरीब या जरूरतमंद इंसान कभी मायूस होकर नहीं लौटता। अधिकारी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, अनिल विज आम जनता की सुनवाई के लिए हमेशा उपलब्ध रहते हैं। मलिक ने अंत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत भारत के मिशन में अनिल विज जैसे अनुभवी, बेदाग और जन-समर्पित नेताओं की मौजूदगी ही देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास को और ज्यादा प्रगाढ़ करती है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!