Haryana News: अंबाला में दो किलोग्राम से अधिक विस्फोटक बरामद, तीन युवक गिरफ्तार
Mar 14, 2026 10:10 AM
अंबाला: अंबाला पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने शुक्रवार को तीन युवकों को गिरफ्तार किया और उनके पास से लगभग दो किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अंबाला के पुलिस उपाधीक्षक (एसटीएफ) अमन कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर विस्फोटक सामग्री लेकर बराड़ा से अंबाला की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलने पर एसटीएफ टीम ने बराड़ा-साढौरा सड़क पर बैरिकेड लगाकर मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया। सुरक्षा एहतियात के तौर पर इस दौरान सड़क पर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया और यातायात को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ दिया गया। प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार तीनों युवकों के मेरठ (उत्तर प्रदेश), अजमेर (राजस्थान) और अंबाला जिले के कबांसी गांव का निवासी होने का पता चला है। इनकी आयु 20 से 25 वर्ष के बीच है। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक के स्रोत और इसके उद्देश्य का पता लगाने के लिए जांच जारी है।