Ambala Police Campaign: अंबाला मंडल में शुरू हुआ 'मैदान-II' अभियान, नशा तस्करों की अवैध संपत्तियां होंगी कुर्क
May 28, 2026 1:53 PM
अंबाला। (आरती दलाल) हरियाणा के अंबाला मंडल में नशे के काले कारोबार और युवाओं को गर्त में धकेलने वाले अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने पूरी तरह कमर कस ली है। अंबाला छावनी स्थित कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक हाई-लेवल मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए पुलिस महानिरीक्षक (IG) पंकज नैन (IPS) ने कड़े तेवर दिखाए। इस गोष्ठी में अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर के पुलिस अधीक्षकों (SPs), एएनसी प्रभारियों और नशामुक्त टीमों के कप्तानों को शामिल कर एक ठोस रणनीति तैयार की गई। आईजी ने साफ किया कि मंडल को नशामुक्त बनाने के लिए 28 मई 2026 से एक महीने का विशेष अभियान “MAIDAN-II” ऑन-रोड उतर रहा है, जिसकी कमान सीधे तौर पर जिला कप्तानों के हाथ में होगी।
ड्रोन से होगी तस्करों की घेराबंदी, पैरोल पर आए अपराधियों पर कड़ा पहरा
पुलिस का यह नया एक्शन प्लान बेहद हाईटेक होने वाला है। आईजी पंकज नैन के निर्देशों के मुताबिक, अब शहरों के पार्कों, सुनसान रास्तों और नशे के गढ़ (हॉटस्पॉट) बन चुके इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया जाएगा। इसके साथ ही इन चिन्हित इलाकों में हाई-क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पुलिस ने साफ किया है कि जो अपराधी एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल जा चुके हैं और फिलहाल पैरोल पर बाहर घूम रहे हैं, उनके मोबाइल फोन खंगाले जाएंगे और उनकी हर मूवमेंट की कड़ी निगरानी होगी। इसके अलावा, पिछले 5 साल में जेल जा चुके तस्करों का वर्तमान स्टेटस भी वेरिफाई किया जाएगा।
'पुलिस मित्र' देंगे पल-पल की खबर, संदिग्ध केमिस्टों पर गिरेगी गाज
इस अभियान को जमीनी स्तर पर कामयाब बनाने के लिए पुलिस महकमा अब आम जनता की भी मदद लेगा। हॉटस्पॉट क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को जोड़कर 'पुलिस मित्र' बनाए जाएंगे, जो नशा बेचने वालों की गुप्त सूचनाएं सीधे पुलिस तक पहुंचाएंगे। वहीं, मेडिकल नशे पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र के सभी दवा विक्रेताओं (केमिस्टों) की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के आदेश दिए गए हैं। अगर किसी भी केमिस्ट की संलिप्तता या गतिविधि संदिग्ध पाई जाती है, तो बिना किसी ढिलाई के उसका लाइसेंस रद्द करने और जेल भेजने की कार्रवाई होगी।
जिंदगी बचाने की मुहिम और अवैध कमाई पर बुलडोजर एक्शन
आईजी पंकज नैन ने केवल अपराधियों को पकड़ने पर ही जोर नहीं दिया, बल्कि दलदल में फंस चुके युवाओं को बचाने का खाका भी खींचा। उन्होंने नशामुक्त टीमों को सख्त हिदायत दी है कि अत्यधिक नशे के आदी और गंभीर स्थिति वाले मरीजों की पहचान कर उन्हें एक हफ्ते के भीतर नशामुक्ति केंद्रों में दाखिल कराया जाए। वहीं, दूसरी ओर नशा तस्करी के जरिए करोड़ों की काली कमाई करने वाले माफियाओं को आर्थिक चोट देने की तैयारी है। तस्करों द्वारा बनाई गई अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर उन्हें कुर्क करने और उन पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई को प्राथमिकता के आधार पर अंजाम दिया जाएगा। आईजी ने आम जनता से भी अपील की है कि वे इस सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए पुलिस का साथ दें।