गोविंदा की लाडली' का स्क्रीन डेब्यू, मां सुनीता संग रियलिटी शो करने पर टीना आहूजा का बड़ा खुलासा
Jun 14, 2026 12:16 PM
नब्बे के दशक के सुपरस्टार गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा इन दिनों अपनी बेबाकी और पारिवारिक बयानों के चलते लगातार हेडलाइंस में बने रहते हैं। इसी बीच अब उनकी बेटी टीना आहूजा भी सुर्खियों के केंद्र में आ गई हैं। हाल ही में 'जूम' (Zoom) को दिए एक बेबाक इंटरव्यू में टीना ने अपनी मां सुनीता के साथ कुकिंग रियलिटी शो 'मां है ना' में काम करने के अपने अनुभवों को साझा किया। जब टीना से पूछा गया कि अपनी तेज-तर्रार और बिंदास मां के साथ रसोई संभालना और स्क्रीन शेयर करना कितना आसान रहा, तो टीना ने हंसते हुए कहा कि यह सफर कतई आसान नहीं था, बल्कि उनके लिए किसी बड़े शॉक जैसा था।
'मुझे कुकिंग का सी भी नहीं आता'— पर्दे के पीछे रहने वाली टीना के लिए चुनौतीपूर्ण रहा सफर
आमतौर पर चकाचौंध से दूर रहकर कैमरे के पीछे काम करना पसंद करने वाली टीना ने बताया कि वह इस शो के फॉर्मेट को लेकर काफी नर्वस थीं। टीना ने कहा, "सबसे बड़ी चुनौती तो यह थी कि मुझे कुकिंग का 'सी' (C) भी नहीं आता। जो इंसान अमूमन पर्दे के पीछे सहज महसूस करता हो, उसे अचानक कैमरे के सामने लाकर खड़ा कर दिया जाए और खाना बनाने को कहा जाए, तो घबराहट होना लाजिमी है।" टीना ने आगे बताया कि उन्होंने अपने जीवन में कभी नहीं सोचा था कि वह अपनी मां के साथ किसी रियलिटी शो का हिस्सा बनेंगी, लेकिन मां की खुशी और शो की क्रिएटिव टीम नीती-प्रीति के रिफाइंड कॉन्सेप्ट की वजह से वह खुद को रोक नहीं पाईं।
होस्ट शिल्पा शेट्टी के स्वभाव की मुरीद हुईं टीना, कहा— उनके साथ काम करना हमेशा मजेदार
इंटरव्यू के दौरान जब टीना आहूजा से शो की होस्ट और बॉलीवुड फिटनेस आइकन शिल्पा शेट्टी के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने शिल्पा की जमकर तारीफ की। टीना ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए कहा कि वह शिल्पा जी के साथ पहले भी काम कर चुकी हैं और उनके मन में शिल्पा के लिए काफी सम्मान है। टीना के मुताबिक, "शिल्पा वाकई एक बेहद साफ दिल और प्यारी इंसान हैं। उनके साथ काम करते हुए आप उनके सकारात्मक व्यवहार को नजरअंदाज नहीं कर सकते। मैंने उन्हें कभी जज नहीं किया, वह जैसी हैं, वैसी ही स्क्रीन पर दिखती हैं।" टीना ने मजाक-मजाक में यह भी कहा कि शो में जब सभी कंटेस्टेंट्स इतना खराब खाना बना रहे थे, तब शिल्पा भी उस फन मोमेंट को काफी एंजॉय कर रही थीं।