Peddi Movie Controversy: जाह्नवी कपूर के सीन्स पर भड़के लोग, डायरेक्टर बुची बाबू सना ने मांगी लिखित माफी
Jun 06, 2026 2:28 PM
बॉलीवुड। साउथ सुपरस्टार राम चरण और बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर की जोड़ी इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है। बीते 4 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई मेगा बजट फिल्म 'पेड्डी' ने महज दो दिनों के भीतर ही 150 करोड़ रुपये की बंपर कमाई कर अपनी धक जमा ली है। हालांकि, इस शानदार कामयाबी के बीच फिल्म एक बेहद संवेदनशील विवाद के घेरे में आ गई है। फिल्म के कुछ दृश्यों में जाह्नवी कपूर के फिल्मांकन को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई थी। कई दर्शकों ने निर्देशक बुची बाबू सना पर स्क्रीन पर महिला देह को गलत तरीके से पेश करने और 'ऑब्जेक्टिफाई' करने के संगीन आरोप लगाए। विवाद को बढ़ता देख अब खुद निर्देशक सामने आए हैं और उन्होंने इस पर अपनी सफाई पेश की है।
'महिलाओं का सम्मान सर्वोपरि'; आरोपों पर बुची बाबू सना ने तोड़ी चुप्पी
शनिवार को निर्देशक बुची बाबू सना ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स (पहले ट्विटर) पर एक विस्तृत पोस्ट साझा कर दर्शकों की चिंताओं का जवाब दिया। उन्होंने लिखा, "एक फिल्म निर्माता के रूप में मेरा हमेशा से मानना रहा है कि सिनेमा का काम दर्शकों का मनोरंजन करना और उन्हें प्रेरित करना है, न कि उन्हें असहज या अपमानित महसूस कराना। हमने 'पेड्डी' के कुछ दृश्यों को लेकर आ रही प्रतिक्रियाओं को सुना है और हम इसे बेहद गंभीरता से ले रहे हैं।" उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि वे निजी जिंदगी और पर्दे पर हमेशा महिलाओं के प्रति असीम सम्मान रखते हैं और फिल्म के किसी भी किरदार को कमतर दिखाने का उनका कोई इरादा नहीं था।
बदला जाएगा फिल्म का कंटेंट, डायरेक्टर ने ली पूरी जिम्मेदारी
आलोचकों और दर्शकों के गुस्से को शांत करने के लिए निर्देशक ने न सिर्फ माफी मांगी, बल्कि फिल्म में सुधार करने का बड़ा कदम भी उठाया है। अपनी पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा, "अगर फिल्म के किसी हिस्से को गलत तरीके से समझा गया या उससे किसी को ठेस पहुंची है, तो हम उन भावनाओं का पूरा सम्मान करते हैं। जनता से मिले फीडबैक की समीक्षा करने के बाद हमने फिल्म के उन संबंधित हिस्सों में जरूरी बदलाव करने का फैसला किया है।" बुची बाबू ने परिपक्वता दिखाते हुए कहा कि एक कहानीकार होने के नाते समाज की बदलती संवेदनशीलता और दृष्टिकोण के प्रति सचेत रहना उनकी नैतिक जिम्मेदारी है और वे इस भूल की पूरी जवाबदेही लेते हैं।
क्रिटिक्स के खराब रिव्यू के बाद भी सिनेमाघरों में जमी है फिल्म
दिलचस्प बात यह है कि 'पेड्डी' को समीक्षकों (क्रिटिक्स) की तरफ से कोई बहुत अच्छे रिव्यूज नहीं मिले थे। कमजोर कहानी और स्क्रीनप्ले के चलते कई क्रिटिक्स ने फिल्म को औसत बताया था, लेकिन राम चरण के स्टारडम और फैंस के क्रेज के दम पर फिल्म टिकट खिड़की पर मजबूती से टिकी हुई है। अब जब मेकर्स ने विवादित सीन्स को ट्रिम या एडिट करने का फैसला ले लिया है, तो माना जा रहा है कि फिल्म को लेकर चल रहा विरोध भी शांत हो जाएगा। निर्देशक ने अपने पोस्ट के अंत में उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने ईमानदारी और निष्ठा के साथ फिल्म को लेकर अपने विचार और आपत्तियां साझा की थीं।