Don 3 Controversy: कियारा आडवाणी ने भी छोड़ी 'डॉन 3'? , रणवीर सिंह पर FWICE का बड़ा एक्शन
May 31, 2026 3:16 PM
बॉलीवुड। सिल्वर स्क्रीन पर दिखने वाली चकाचौंध के पीछे बॉलीवुड का एक ऐसा स्याह पहलू भी है, जहां करोड़ों के प्रोजेक्ट्स पल भर में स्टार्स के मूड, आपसी मतभेदों या किस्मत के खेल से अर्श से फर्श पर आ जाते हैं। ताजा मामला फरहान अख्तर की बहुचर्चित फिल्म 'डॉन 3' का है। फिल्म की शूटिंग शुरू होने की कगार पर थी कि अचानक मुख्य अभिनेता रणवीर सिंह ने प्रोजेक्ट को अलविदा कह दिया। इस अप्रत्याशित कदम से नाराज फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉईज़ (FWICE) ने रणवीर के खिलाफ असहयोग का फरमान जारी कर दिया है। चर्चा तो यह भी है कि साल 2026 की शुरुआत में ही अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा करने वाली एक्ट्रेस कियारा आडवाणी ने भी इस फिल्म से दूरी बना ली है। खैर, मायानगरी के इतिहास को खंगालें तो पता चलता है कि ऐन वक्त पर फिल्मों का छूटना या सितारों का बदला जाना यहां की रीत रही है।
जब सलमान खान और भंसाली का 'क्रिएटिव ईगो' आया आड़े
साल 1999 में आई 'हम दिल दे चुके सनम' की ऐतिहासिक सफलता के पूरे दो दशक बाद डायरेक्टर संजय लीला भंसाली और सलमान खान की जादुई जोड़ी फिल्म 'इंशाअल्लाह' के लिए साथ आने वाली थी। फिल्म में आलिया भट्ट लीड रोल में थीं और फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर था। अगस्त 2019 में फिल्म का सेट सजने ही वाला था कि अचानक खबर आई कि प्रोजेक्ट बंद हो गया है। अंदरखाने की खबरों की मानें तो स्क्रिप्ट और गानों को लेकर सलमान और भंसाली के बीच ऐसे वैचारिक मतभेद पैदा हुए कि दोनों ने साथ काम करने से बेहतर फिल्म को ही ठंडे बस्ते में डालना समझा।
20 दिन की शूटिंग के बाद कार्तिक आर्यन का 'धर्मा' संकट
इंडस्ट्री का सबसे हैरान करने वाला रिप्लेसमेंट अप्रैल 2021 में देखने को मिला। निर्माता करण जौहर की फिल्म 'दोस्ताना 2' में कार्तिक आर्यन और जान्हवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म की करीब 20 दिनों की शूटिंग पूरी हो चुकी थी और मेकर्स करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा चुके थे। लेकिन अचानक धर्मा प्रोडक्शंस ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कार्तिक आर्यन को फिल्म से बाहर करने और नए सिरे से कास्टिंग करने का एलान कर दिया। खबरों की मानें तो शूटिंग की तारीखों को लेकर उपजा विवाद और कार्तिक का कथित अड़ियल रवैया इस बड़े फैसले की वजह बना।
डेंगू ने छीनी श्रद्धा से 'साइना', प्रियंका ने 'भारत' को कहा अलविदा
कई बार हालात सितारों के हक में नहीं होते। स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल की बायोपिक के लिए श्रद्धा कपूर ने हफ्तों कोर्ट पर पसीना बहाया, लेकिन शूटिंग शुरू होते ही वे डेंगू की चपेट में आ गईं। शारीरिक कमजोरी के कारण जब वे लंबे समय तक ट्रेनिंग नहीं कर पाईं, तो मेकर्स ने मजबूरी में उनकी जगह परिणीति चोपड़ा को साइन कर लिया।
वहीं, प्रियंका चोपड़ा की बात करें तो उन्होंने सलमान खान की बिग बजट फिल्म 'भारत' से बॉलीवुड में अपनी ग्रैंड वापसी की घोषणा की थी। लेकिन ऐन वक्त पर उन्होंने फिल्म छोड़ दी। पहले चर्चा उड़ी कि उन्होंने निक जोनस से शादी के लिए ऐसा किया, लेकिन बाद में कयास लगाए गए कि उन्होंने फरहान अख्तर की फिल्म 'द स्काई इज पिंक' को तरजीह दी थी, जिससे सलमान खान काफी समय तक उनसे खफा रहे।
ऐश्वर्या राय: विवादों और निजी जिंदगी की भेंट चढ़े बड़े प्रोजेक्ट्स
रिप्लेसमेंट के मामले में सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले सितारों में ऐश्वर्या राय का नाम भी शामिल है। साल 2003 में फिल्म 'चलते चलते' की शूटिंग के दौरान उनके तत्कालीन पार्टनर सलमान खान ने सेट पर पहुंचकर काफी हंगामा किया था। फिल्म के हीरो और प्रोड्यूसर शाहरुख खान ने प्रोजेक्ट को नुकसान से बचाने के लिए ऐश्वर्या की जगह रानी मुखर्जी को एंट्री दे दी। बाद में सिमी गरेवाल के शो में ऐश्वर्या ने भरे मन से स्वीकार किया था कि उन्हें 'चलते चलते' और 'वीर-जारा' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से बिना किसी गलती के रातों-रात हटा दिया गया था। यही नहीं, मधुर भंडारकर की महत्वाकांक्षी फिल्म 'हीरोइन' की आधी शूटिंग पूरी करने के बाद जब ऐश्वर्या की प्रेग्नेंसी की बात सामने आई, तो मेकर्स ने विवाद खड़ा कर दिया और बाद में करीना कपूर को उस किरदार में देखा गया।