Search

बैंक जाने से पहले जान लें SBI की छुट्टियों का पूरा शेड्यूल: अगले 6 दिन बंद रहेगा बैंक, चेक क्लियरिंग-कैश सेवाओं पर पड़ सकता है असर

May 22, 2026 1:23 PM

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया यानी SBI के ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। बैंक से जुड़े महत्वपूर्ण काम कराने वाले ग्राहकों को 22 मई 2026 तक अपने सभी जरूरी काम पूरे करने की सलाह दी गई है। दरअसल 23 मई से 28 मई के बीच लगातार छुट्टियों, प्रस्तावित हड़ताल और बकरीद अवकाश के कारण SBI शाखाओं का नियमित कामकाज प्रभावित हो सकता है। इस दौरान कैश जमा, चेक क्लियरिंग और पासबुक अपडेट जैसी सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

23-24 को मई को वीकेंड, 25-26 मई को प्रस्तावित हड़ताल

23 मई को महीने का चौथा शनिवार है, जबकि 24 मई को रविवार पड़ रहा है। भारतीय बैंकिंग नियमों के अनुसार दूसरे और चौथे शनिवार को सभी सरकारी और निजी बैंक बंद रहते हैं। इसके चलते देशभर में SBI शाखाएं इन दोनों दिनों में बंद रहेंगी। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे नकदी निकासी, चेक जमा और अन्य शाखा आधारित सेवाओं का काम पहले ही पूरा कर लें।

ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन ने 25 और 26 मई को दो दिन की हड़ताल का प्रस्ताव रखा है। यूनियन का कहना है कि कर्मचारियों की कई लंबित मांगों पर अब तक संतोषजनक समाधान नहीं हुआ है। हड़ताल में वर्कमेन कैटेगरी के कर्मचारी शामिल होंगे, जिनमें क्लर्क और अन्य स्टाफ सदस्य आते हैं। इसके कारण बैंक शाखाओं में रोजमर्रा का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो सकता है।

बकरीद की छुट्टियों से बढ़ेगी परेशानी

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की छुट्टियों की सूची के अनुसार 27 और 28 मई को अलग-अलग राज्यों में बकरीद की छुट्टियां घोषित की गई हैं। देश के अधिकांश हिस्सों में 27 मई को बैंक बंद रहेंगे, जबकि कुछ राज्यों में 28 मई को भी अवकाश रहेगा। जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में दोनों दिन बैंक बंद रखने की घोषणा की गई है। लगातार छुट्टियों के कारण ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

प्रस्तावित हड़ताल और छुट्टियों के चलते चेक क्लियरिंग, कैश काउंटर सेवा, ड्राफ्ट जारी करने और पासबुक अपडेट जैसे काम प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि ATM, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहने की उम्मीद है। बैंक प्रबंधन ने ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने की सलाह दी है ताकि शाखाओं में भीड़ कम रहे।

कर्मचारियों की 16 मांगों को लेकर विवाद

ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन ने अपनी 16 मांगों को लेकर हड़ताल का ऐलान किया है। इनमें नए कर्मचारियों की भर्ती, आउटसोर्सिंग पर रोक, पर्याप्त स्टाफ नियुक्ति, पेंशन सुधार, मेडिकल स्कीम में बदलाव और HRMS समस्याओं का समाधान शामिल है। यूनियन का कहना है कि कर्मचारियों पर लगातार बढ़ते काम के दबाव और सुविधाओं में असमानता को लेकर लंबे समय से मांगें उठाई जा रही हैं। अब तक समाधान नहीं होने पर हड़ताल का फैसला लिया गया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!