रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर से उबरा, 16 पैसे टूटकर 92.17 प्रति डॉलर पर
Mar 12, 2026 9:25 PM
मुंबई: अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को रुपया 16 पैसे की गिरावट के साथ 92.17 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से कारोबार के दौरान यह 92.36 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया था।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.25 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान इसमें लगातार गिरावट जारी रही और यह डॉलर के मुकाबले अपने रिकॉर्ड निचले स्तर 92.36 पर पहुंच गया। हालांकि, इसने कुछ हद तक अपनी स्थिति सुधारी और अंततः 92.17 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 16 पैसे की गिरावट है।
रुपया इससे पहले नौ मार्च को कारोबार के दौरान 92.35 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड स्तर तक टूटा था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि कमजोर घरेलू बाजारों और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण रुपया 92.36 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। अमेरिकी डॉलर सूचकांक में सकारात्मक वृद्धि और विदेशी निवेशकों (एफआईआई) की निकासी ने भी रुपये पर दबाव डाला। हालांकि, केंद्रीय बैंक के संभावित हस्तक्षेप के बाद रुपये में सुधार हुआ।
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति के कारण रुपये में लगातार 13वें दिन नकारात्मक रुझान रहने के आसार हैं। विदेशी निवेशकों की निरंतर निकासी से रुपये पर और दबाव पड़ सकता है।
चौधरी ने कहा कि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 91.70 से 92.40 के बीच रह सकता है। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.38 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 829.29 अंक या 1.08 प्रतिशत टूटकर 76,034.42 अंक पर जबकि निफ्टी 227.70 अंक या 0.95 प्रतिशत फिसलकर 23,639.15 अंक पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 5.70 प्रतिशत चढ़कर 97.22 डॉलर प्रति बैरल हो गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 6,267.31 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।