Search

चांदी 6,000 रुपये लुढ़की, सोना 1,000 रुपये टूटा

Mar 18, 2026 7:43 PM

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को चांदी की कीमतें 6,000 रुपये टूटकर 2.56 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गईं, जबकि घरेलू बाजार में मंदी के रुख के कारण सोना 1,000 रुपये के नुकसान के साथ 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी है।

चांदी की कीमत 6,000 रुपये, या 2.28 प्रतिशत टूटकर 2,56,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई, जो मंगलवार के बंद भाव 2,62,500 रुपये प्रति किलोग्राम से कम है। सर्राफा बाजार में, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,000 रुपये, या 0.62 प्रतिशत टूटकर 1,60,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गया। सोने का पिछला बंद भाव 1,61,300 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जिसमें 1,050 रुपये की बढ़त दर्ज की गई थी।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक, दिलीप परमार ने बताया कि सोने की कीमतों में गिरावट इसलिए आई, क्योंकि व्यापारियों द्वारा की गई मुनाफावसूली के साथ-साथ भौतिक मांग में भी सुस्ती देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर चांदी 0.79 प्रतिशत की बढ़त के साथ 79.92 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी, जबकि सोना 16.10 डॉलर, या 0.32 प्रतिशत टूटकर 4,989.65 डॉलर प्रति औंस रह गया।

लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने बताया कि बुधवार को कीमती धातुओं की कीमतों में मिला-जुला रुख देखने को मिला, जहां सोना लगभग 4,990 डॉलर प्रति औंस के निचले स्तर पर कारोबार कर रहा था, वहीं चांदी में बढ़त दर्ज की गई और यह 79.70 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। उन्होंने आगे कहा कि सर्राफा बाजार में हालिया उतार-चढ़ाव का मुख्य कारण अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आगामी नीतिगत फैसले से पहले निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित रहना है।

गर्ग ने कहा कि इससे, खासकर पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के कारण तेल की ऊंची कीमतों से जुड़ी बढ़ती मुद्रास्फीति की चिंताओं के बीच बाजार में एक सतर्क माहौल बन गया है। निवेशक अमेरिकी फेडरल रिज़र्व की नीतिगत बैठक के नतीजों पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं, ताकि उन्हें ब्याज दरों की दिशा के बारे में संकेत मिल सकें। माना जा रहा है कि इससे नीतिगत परिदृश्य और सोने-चांदी की कीमतों पर असर पड़ेगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!