Search

आईटी शेयरों में भारी बिकवाली से शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 559 अंक फिसला

Feb 12, 2026 11:25 AM

मुंबई: अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर पड़ने और कृत्रिम मेधा (एआई) से संभावित व्यवधान की आशंकाओं के बीच सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में बिकवाली से बृहस्पतिवार को घरेलू शेयर बाजार नुकसान के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 559 अंक लुढ़क गया जबकि निफ्टी 147 अंक के नुकसान में रहा। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 558.72 अंक यानी 0.66 प्रतिशत टूटकर 83,674.92 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 716.97 अंक के नुकसान के साथ 83,516.67 अंक तक आ गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 146.65 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,807.20 अंक पर बंद हुआ।


सबसे ज्यादा दबाव आईटी शेयरों पर 

सेंसेक्स की कंपनियों में सबसे ज्यादा दबाव आईटी शेयरों पर रहा। टेक महिंद्रा, इन्फोसिस और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) लगभग छह प्रतिशत तक टूटकर सेंसेक्स के प्रमुख गिरावट वाले शेयर रहे। इसके अलावा एचसीएल टेक्नोलॉजीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, इंडिगो, कोटक महिंद्रा बैंक और अदाणी पोर्ट्स भी नुकसान में रहे। दूसरी तरफ बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एशियन पेंट्स, लार्सन एंड टुब्रो, भारती एयरटेल और टाटा स्टील के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। मझोली कंपनियों के बीएसई मिडकैप सूचकांक में 0.48 प्रतिशत और छोटी कंपनियों के स्मॉलकैप सूचकांक में 0.28 प्रतिशत की गिरावट रही। क्षेत्रीय सूचकांकों में ‘फोकस्ड आईटी’ खंड में 5.40 प्रतिशत जबकि आईटी खंड में 5.29 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।


जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि अमेरिका में रोजगार के मजबूत आंकड़े आने के बाद फेडरल रिजर्व द्वारा नीतिगत दर में कटौती की संभावना कम होने और एआई से सेवा क्षेत्र की आय पर दबाव की आशंका से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है। नायर ने कहा कि आईटी क्षेत्र में कमजोर धारणा होने के साथ अमेरिका एवं ईरान के बीच तनाव बने रहने से भी निवेशक अल्पावधि में सतर्क रुख अपना सकते हैं। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी तीन प्रतिशत से अधिक चढ़ गया जबकि जापान के निक्की और चीन के शंघाई कम्पोजिट भी चढ़कर बंद हुए। हालांकि, हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.27 प्रतिशत टूटकर 69.21 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।


शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 943.81 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) 125.36 करोड़ रुपये के शुद्ध बिकवाल रहे। बीएसई सेंसेक्स बुधवार को 40.28 अंक के नुकसान के साथ 84,233.64 अंक पर रहा था जबकि एनएसई निफ्टी 18.70 अंक की मामूली बढ़त के साथ 25,953.85 अंक पर बंद हुआ था। 

You may also like:

Please Login to comment in the post!