Search

पीयू में फैकल्टी और स्टाफ को बांटे गए 200 आरएफआईडी स्मार्ट आईडी कार्ड, सुरक्षा हुई हाइटेक

Mar 26, 2026 10:50 AM

चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी ने कैंपस सुरक्षा और प्रबंधन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आरएफआईडी आधारित स्मार्ट आईडी कार्ड प्रणाली की शुरुआत कर दी है। इस नई व्यवस्था के तहत पहले चरण में 200 स्मार्ट आईडी कार्ड यूनिवर्सिटी के फैकल्टी और स्टाफ सदस्यों को बांटे गए। यह पहल यूनिवर्सिटी को तकनीक आधारित स्मार्ट कैंपस में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार प्रो.वाई.पी.वर्मा ने कार्ड वितरित करते हुए कहा कि आने वाले समय में इस परियोजना को छात्रों तक भी विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में कैंपस में प्रवेश पूरी तरह आरएफआईडी कार्ड और स्कैनिंग सिस्टम के माध्यम से नियंत्रित किया जाएगा, जिससे बिना परमिशन पीयू में घुसने वालों पर प्रभावी रोक लगेगी।

इस अवसर पर कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन प्रो.जगत भूषण, आरएफआईडी कमेटी की चेयरपर्सन प्रो.सोनल चावला, पुटा अध्यक्ष प्रो.अमरजीत नौरा, सचिव डॉ.मृत्युंजय कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और आईटी सेल के सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा डब्ल्यूएसएस सिक्योरिटी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने भी इस परियोजना के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रो. वर्मा ने बताया कि आरएफआईडी स्मार्ट कार्ड के माध्यम से कैंपस में प्रवेश और निकास की सटीक निगरानी संभव होगी। बिना अनुमति वाले लोगों को अंदर आने से रोका जा सकेगा, साथ ही गाड़ियों की आवाजाही भी सही तरीके से व्यवस्थित (मैनेज) हो जाएगी। यह प्रणाली सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाएगी।


अत्याधुनिक तकनीक से लैस व्यवस्था

यह स्मार्ट कार्ड सिस्टम ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में कार्य करेगा और इसमें क्यूआर कोड की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसे केंद्रीय सर्वर डेटाबेस से जोड़ा गया है, जिससे रियल-टाइम डेटा एक्सेस के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर बैकअप सुविधा भी सुनिश्चित होगी। यह तकनीक यूनिवर्सिटी के डिजिटल ढांचे को और मजबूत करेगी। रजिस्ट्रार ने इस पहल के लिए आरएफआईडी कमेटी और कंप्यूटर सेंटर की टीम के प्रयासों की सराहना की। 

उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल सुरक्षा बढ़ाएगी, बल्कि कैंपस प्रबंधन को भी अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाएगी। आरएफआईडी स्मार्ट आईडी कार्ड प्रणाली के लागू होने से पंजाब यूनिवर्सिटी में सुरक्षा, पारदर्शिता और तकनीकी दक्षता का नया अध्याय शुरू हुआ है। आने वाले समय में यह पहल छात्रों के लिए भी लागू होगी, जिससे पूरा कैंपस एक सुरक्षित, आधुनिक और स्मार्ट वातावरण में बदल जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!