चंडीगढ़: थाना सेक्टर-26 की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनाज मंडी में कारोबारी की गाड़ी से नकदी से भरा बैग चोरी करने के मामले को सुलझा लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3,14,500 रुपये बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई सिल्वर रंग की स्कूटी भी जब्त कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, 7 फरवरी को सेक्टर-12ए पंचकूला निवासी 58 वर्षीय चतुरभुज ने शिकायत दी थी कि वह सेक्टर-26 स्थित अनाज मंडी में अपनी कन्फेक्शनरी की दुकान चलाते हैं। सुबह करीब 8:30 बजे वह घर से निकले और अपनी ओमनी गाड़ी में एक सफेद बैग रखा हुआ था, जिसमें 4,20,000 रुपये तथा उनका आधार कार्ड था।
अनाज मंडी पहुंचकर उन्होंने गाड़ी सत्संग भवन के पास खड़ी की और बैग आगे वाली सीट पर छोड़कर शौचालय चले गए। करीब पांच मिनट बाद लौटे तो गाड़ी से बैग गायब मिला। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हल्लोमाजरा निवासी सरवन कुमार को काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 3,14,500 रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी अपने कब्जे में ले ली है।