Search

ढकोली सरकारी अस्पताल में मरीज से मारपीट का आरोप, आवारा कुत्ते के काटने के बाद इलाज को पहुंचा था युवक

Feb 06, 2026 5:23 AM

जीरकपुर: ढकोली स्थित सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे एक युवक के साथ डॉक्टर और उसके सहकर्मी द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आवारा कुत्ते के काटने के बाद एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने आए युवक की कथित रूप से जमकर पिटाई की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से अपनी पीड़ा साझा करते हुए स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा निवासी सचिन डोगरा ट्राईसिटी की एक निजी कंपनी में कार्यरत है और जीरकपुर के गाजीपुर रोड पर रहता है। सचिन ने बताया कि बुधवार देर शाम वह किसी काम से वीआईपी रोड स्थित आर्बिट अपार्टमेंट के पास गया था, जहां एक आवारा कुत्ते ने उसके पैर में काट लिया। रात अधिक होने के कारण उसने घरेलू उपचार किया और अगले दिन ढकोली के सरकारी अस्पताल में इंजेक्शन लगवाने पहुंचा।


सचिन के अनुसार पर्ची बनवाने के बाद वह मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजेश कुमार के पास गया, जहां उससे आयुष्मान कार्ड दिखाने को कहा गया। आयुष्मान कार्ड न होने पर उसे कमरा नंबर छह में इंजेक्शन लगवाने के लिए भेज दिया गया। वहां मौजूद डॉक्टर ने यह कहते हुए वापस भेज दिया कि कुत्ते के काटने के मामलों में पहले फाइल बनती है। अस्पताल स्टाफ की इस टालमटोल से परेशान होकर सचिन ने अपनी पर्ची फाड़ दी और इलाज न करवाने की बात कहते हुए अस्पताल से बाहर निकल गया।


आरोप है कि इसके बाद मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजेश कुमार ने एक कर्मचारी को भेजकर उसे दोबारा अंदर बुलवाया और पर्ची फाड़ने पर माफी मांगने को कहा। सचिन का कहना है कि माफी मांगने से इनकार करने पर डॉक्टर और उसके सहकर्मी ने उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान डॉक्टर और उसके सहकर्मी ने उसके सिर के पीछे कांच की वस्तु से वार किया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। गौरतलब है कि ढकोली के सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों की भारी कमी है, जिसके चलते स्वास्थ्य सुविधाएं पहले ही सीमित हैं और अधिकांश मरीजों को उपचार के बजाय रेफर किया जाता है। ऐसे में अस्पताल में हुई इस कथित घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!