सुखना लेक पर आसमान में रंग और रोमांच की बरसात, सूर्यकिरण के हैरतअंगेज हवाई करतबों की गूंज से थर्राया आसमान
Mar 27, 2026 7:57 PM
चंडीगढ़: शहर ने शुक्रवार को एक रोमांचकारी नज़ारा देखा, जब भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम ने सुखना झील के ऊपर शानदार हवाई करतब दिखाए। करीब आधे घंटे तक चले इस एयर शो ने हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बादलों से घिरे आसमान में नौ हॉक एमके-132 विमानों ने एक साथ उड़ान भरते हुए अद्भुत तालमेल और सटीकता का प्रदर्शन किया।
एयर शो के दौरान टीम ने लूप, बैरल रोल, इनवर्टेड फ्लाइंग और तेज गोता लगाने जैसे जटिल करतबों का प्रदर्शन किया। विमानों ने रंगीन धुएं के साथ ‘डीएनए’, ‘युवा (वाई)’ और ‘हार्ट’ जैसी आकर्षक आकृतियां बनाई, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
एक खास क्षण तब देखने को मिला जब विमानों ने हवा में 90 डिग्री दिशा बदलकर क्लोवर (तीन पत्ती) का आकार बनाया, जो आशा, विश्वास और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। शो का समापन सभी नौ विमानों द्वारा एक साथ ‘एरियल सैल्यूट’ फॉर्मेशन बनाकर किया गया, जिसे दर्शकों ने खड़े होकर तालियों से सराहा।
इस आयोजन में चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने भारतीय वायुसेना की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं और उन्हें बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए चंडीगढ़ प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों और वायुसेना की टीम को बधाई दी।
कार्यक्रम में डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव सहित शहर के डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा (आईपीएस), आईजीपी पुष्पेंद्र कुमार (आईपीएस), एसएसपी कंवरदीप कौर (आईपीएस), गृह सचिव मंदीप सिंह बराड़ (आईएएस), वित्त सचिव दिप्रवा लाकड़ा (आईएएस), खेल एवं शिक्षा सचिव प्रेरणा पुरी (आईएएस) तथा हरियाणा की गृह सचिव सुमिता मिश्रा (आईएएस) समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि इससे पहले सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम पिछले छह वर्षों में चंडीगढ़ में इस तरह के एयर शो तीन बार आयोजित कर चुकी है। 22 सितंबर 2021 को सुखना लेक पर सूर्यकिरण एयर शो का आयोजन 1971 के युद्ध में जीत के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किया गया था, जिसने शहरवासियों में देशभक्ति का जोश भर दिया था।
इसके अलावा हाल ही में पिछले साल सितंबर में जब प्रतिष्ठित मिग-21 फाइटर जेट को सेवानिवृत्त किया गया था, तब चंडीगढ़ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में सूर्यकिरण टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में 600-700 सरकारी स्कूलों के छात्र, 10,000 से भी अधिक पर्यटक और स्थानीय लोग शामिल हुए। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई छात्रों ने इसे अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया, वहीं एक बुजुर्ग दर्शक ने कहा कि यह प्रदर्शन टीम के आदर्श वाक्य “सदैव सर्वोत्तम” को पूरी तरह दर्शाता है।
आज फिर से करतब दिखाएगी सूर्यकिरण की टीम, राज्यपाल रहेंगे मुख्य अतिथि
एयर शो से एक दिन पहले वीरवार को सूर्यकिरण टीम के सदस्यों ने पंजाब राजभवन में राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से शिष्टाचार भेंट कर कार्यक्रम की जानकारी दी। शनिवार को आयोजित होने वाले एयर शो के दूसरे दिन में गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। शनिवार को होने वाले इस आयोजन में नागरिकों को एक बार फिर रोमांचक हवाई करतबों का साक्षी बनने का अवसर मिलेगा।
एयर शो के लिए पहले से किए गए थे सख्त इंतजाम
दो दिवसीय इस एयर शो के मद्देनजर प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की थीं। सुखना झील को 26 मार्च से 28 मार्च की दोपहर तक आम जनता के लिए बंद रखा गया। दर्शकों के लिए सात अलग-अलग स्थानों से बसों की व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम में प्रवेश केवल ‘चंडीगढ़ टूरिज्म’ ऐप के माध्यम से खरीदे गए पास के जरिए ही दिया गया, जिसकी कीमत 100 रुपये रखी गई थी। प्रतिदिन करीब 10 हजार लोगों की क्षमता निर्धारित की गई थी। सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कंवरदीप कौर के अनुसार, करीब 1300 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था, ताकि भीड़ और यातायात को सुचारू रूप से नियंत्रित किया जा सके।