पीजीआई में एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर की ओर अहम कदम, न्यूरोलॉजी-न्यूरोसर्जरी ओपीडी का सफल ड्राई रन
Apr 21, 2026 10:55 AM
चंडीगढ़: पीजीआई ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर में न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी ओपीडी का सफल ड्राई रन आयोजित किया। यह पहल 30 अप्रैल को होने वाले औपचारिक उद्घाटन से पहले व्यवस्थाओं को परखने, खामियों की पहचान करने और मरीजों को निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। ड्राई रन के दौरान पहले ही दिन कुल 581 मरीजों का रजिस्ट्रेशन दर्ज किया गया, जिनमें 181 नए मरीज और 400 फॉलो-अप मरीज शामिल रहे। इतनी बड़ी संख्या में मरीजों की उपस्थिति ने न केवल नई सुविधा के प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाया, बल्कि यह भी संकेत दिया कि संस्थान की तैयारियां प्रभावी और सुचारू हैं।
मरीज-केंद्रित सुविधाओं को प्राथमिकता
पीजीआईएमईआर के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने इस पहल को भविष्य उन्मुख बताते हुए कहा कि यह ड्राई रन एक समग्र, आधुनिक और मरीज-केंद्रित न्यूरोसाइंस सुविधा विकसित करने की दिशा में एक अहम मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि इस अभ्यास के माध्यम से अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाओं, तकनीकी प्रक्रियाओं और कार्यप्रवाह को बेहतर ढंग से समझने और उन्हें और अधिक सुगम बनाने का अवसर मिलेगा, जिससे औपचारिक शुरुआत के दिन से ही मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं मिल सकें।
नई व्यवस्था के तहत सेवाएं शुरू
योजना के अनुसार न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी की ओपीडी सेवाएं (न्यूरोसर्जरी ट्रॉमा ओपीडी को छोड़कर) अब एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर से संचालित की जा रही हैं। इस बदलाव का उद्देश्य औपचारिक उद्घाटन से पहले किसी भी संभावित कमी को पहचानकर उसे दूर करना है। गौरतलब है कि इस स्थानांतरण को सुचारू बनाने के लिए 18 अप्रैल 2026 की दोपहर के बाद न्यू ओपीडी ब्लॉक से संबंधित सेवाएं बंद कर दी गई थीं। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ओपीडी के दिन और समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
न्यूरोलॉजी ओपीडी सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी, जबकि वीरवार को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक विशेष क्लिनिक आयोजित किया जाएगा। वहीं, न्यूरोसर्जरी ओपीडी मंगलवार, वीरवार और शनिवार को सुबह 8 बजे से 11 बजे तक चलेगी। मरीज और उनके परिजन गेट नंबर 3, जो एसबीआई बैंक और गोल मार्केट के पास स्थित है, के माध्यम से एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर तक पहुंच सकते हैं।