गब्बर के तेवर: 'चाहे स्ट्रेचर पर जाना पड़े, कर्तव्य नहीं भूलूंगा', विज ने किया जीत का बड़ा दावा
Mar 16, 2026 1:05 PM
चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति में 'गब्बर' के नाम से मशहूर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनके लिए नियम और कर्तव्य सबसे ऊपर हैं। पिछले काफी समय से पैरों में फ्रैक्चर और भारी प्लास्टर के कारण बेड रेस्ट पर चल रहे विज सोमवार को राज्यसभा चुनाव में मतदान के लिए अपने अंबाला स्थित आवास से व्हीलचेयर पर बाहर निकले। उनकी शारीरिक स्थिति ठीक नहीं है, लेकिन चुनावी समर में अपनी पार्टी और समर्थित उम्मीदवार को जिताने का उत्साह उनके चेहरे पर साफ झलक रहा था। विज ने मीडिया से मुखातिब होते हुए दो टूक कहा, "लोकतंत्र में एक-एक वोट की कीमत होती है। स्थिति चाहे जो भी हो, चाहे मुझे स्ट्रेचर पर लेटकर जाना पड़े या व्हीलचेयर पर, मैं अपना फर्ज निभाने जरूर जाऊंगा।
हुड्डा की 'बाड़ेबंदी' पर विज का तीखा प्रहार
अनिल विज अपने चिर-परिचित अंदाज में कांग्रेस पर हमला करने से भी नहीं चूके। हिमाचल प्रदेश के कुफरी और कसौली में कांग्रेस विधायकों को ठहराए जाने पर तंज कसते हुए विज ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा को अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं है। उन्होंने तंजिया लहजे में कहा, "हुड्डा साहब अपने विधायकों को बांधकर घूम रहे हैं, जैसे किसी को खो जाने का डर हो। जो दल अपने प्रतिनिधियों को ही खुला नहीं छोड़ सकता, वह प्रदेश का क्या भला करेगा?" विज ने कहा कि कांग्रेस की यह घबराहट ही बता रही है कि उनकी जमीन खिसक चुकी है और वे हार के डर से अपने कुनबे को छिपाते फिर रहे हैं।
दोनों सीटों पर जीत का पक्का भरोसा
राज्यसभा की दो सीटों के समीकरणों पर बात करते हुए विज ने दावा किया कि भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी और उनके समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास पर्याप्त आंकड़े हैं और निर्दलीय प्रत्याशी को भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। विज का मानना है कि इस चुनाव के नतीजे कांग्रेस की गुटबाजी को और ज्यादा उजागर कर देंगे। अंबाला से चंडीगढ़ के सफर के दौरान समर्थकों ने विज के जज्बे को सलाम किया। पैर में चोट के बावजूद विज का इस तरह मतदान के लिए निकलना भाजपा कार्यकर्ताओं में नया जोश भर गया है।