चंडीगढ़ में फिर स्कलों को बम से उड़ाने की धमकी: बम स्क्वॉड और पुलिस टीम मौके पर, जानें ईमेल में क्या मिला
Apr 16, 2026 1:44 PM
चंडीगढ़: चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित एक निजी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी, जिसके तुरंत बाद पुलिस, बम स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घटना के समय स्कूल में बच्चे प्रार्थना के बाद अपनी-अपनी कक्षाओं में मौजूद थे। अचानक भारी पुलिस बल के पहुंचने से स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी।
स्कूल परिसर को घेरकर शुरू हुई जांच
सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे स्कूल परिसर को घेर लिया और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। बम स्क्वॉड की टीम ने स्कूल के हर हिस्से की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। कक्षाओं, गलियारों, पार्किंग एरिया और स्टोर रूम सहित सभी स्थानों की गहन तलाशी ली जा रही है।
बच्चों और स्टाफ में दहशत
घटना के समय बच्चे कक्षाओं में मौजूद थे, जिससे अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्कूल स्टाफ और बच्चों को शांत रहने की सलाह दी और उन्हें भरोसा दिलाया कि स्थिति नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर स्कूल के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
धमकी भरे ईमेल में क्या लिखा
प्राप्त जानकारी के अनुसार धमकी भरे ईमेल में स्कूल, एयरपोर्ट और अन्य स्थानों पर बम धमाकों का जिक्र किया गया है। इसमें कुछ समय का भी उल्लेख किया गया है, जिससे इसे गंभीरता से लिया जा रहा है। हालांकि पुलिस इस संदेश की सत्यता और उद्देश्य की जांच कर रही है।
हर संदिग्ध जगह की तलाशी
बम स्क्वॉड की टीम विशेष उपकरणों की मदद से हर संदिग्ध वस्तु की जांच कर रही है। फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर मौजूद है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। स्कूल के बाहर भी पुलिस बल तैनात है और आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
साइबर जांच के जरिए आरोपी की तलाश
पुलिस ने बताया कि धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है और साइबर टीम इसकी जांच में जुटी हुई है। ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है और हर पहलू से जांच जारी है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।