चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चंडीगढ़ इकाई ने रविवार को स्वतंत्र भारत के 80वें केंद्रीय बजट को लेकर एक विस्तृत चर्चा सत्र का आयोजन प्रदेश कार्यालय “कमलम”, चंडीगढ़ में किया। बजट भाषण के लाइव प्रसारण के बाद आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बजट का स्वागत करते हुए इसे दूरदर्शी और जनकल्याणकारी बताया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा चंडीगढ़ के उपाध्यक्ष राज किशोर द्वारा किया गया। सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि यह बजट संतुलित विकास, समावेशी प्रगति और दीर्घकालिक राष्ट्रीय उन्नति की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे को विकास का आधार बनाकर आगे बढ़ने की नीति से देश की आर्थिक मजबूती को नई दिशा मिलेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय बजट में प्रस्तावित डाटा हब और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर हब भविष्य की अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ बनेंगे। इनसे आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सुरक्षा और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ जैसे शिक्षित मानव संसाधन और आईटी-अनुकूल वातावरण वाले शहर को इन योजनाओं से प्रत्यक्ष रूप से आईटी सेक्टर, स्टार्टअप्स और सर्विस इंडस्ट्री में रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। इसके साथ ही ट्राइसिटी क्षेत्र में रियल एस्टेट, लॉजिस्टिक्स, प्रोफेशनल सेवाओं और स्किल डेवलपमेंट को भी गति मिलेगी, जिससे चंडीगढ़ को उत्तर भारत के एक प्रमुख डिजिटल और नॉलेज हब के रूप में पहचान मिलेगी।
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं हिमाचल प्रदेश के राष्ट्रीय सह-प्रभारी संजय टंडन ने बजट की सरल और विस्तृत व्याख्या करते हुए कहा कि बजट के प्रावधान आम नागरिकों, उद्योग और व्यापार के लिए लाभकारी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बुनियादी ढांचा आधारित विकास मॉडल से देश की विकास यात्रा को मजबूती मिली है। इस अवसर पर भाजपा चंडीगढ़ आर्थिक प्रकोष्ठ के संयोजक नवीन कुमार सोनी ने बजट में प्रस्तुत आर्थिक ढांचे और नीति दिशा पर अपने विचार रखे। वहीं औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिनिधि अनुराग अग्रवाल और उमाकांत ने व्यापार, उद्योग और रोजगार पर बजट के सकारात्मक प्रभावों को लेकर अपने सुझाव साझा किए। कार्यक्रम में यह जानकारी भी दी गई कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में 80वें केंद्रीय बजट के उद्देश्यों और जनहितकारी प्रावधानों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशभर में एक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सत्र का समापन संवादात्मक चर्चा के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि यह बजट मजबूत बुनियादी ढांचे, आर्थिक स्थिरता और समावेशी विकास के जरिए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।