Chandigarh News: चंडीगढ़ में दिनदहाड़े खूनी वारदात, 5 हमलावरों ने की चाकू घोंपकर युवक की हत्या, लात-घूंसे भी मारे
May 13, 2026 12:27 PM
चंडीगढ़: चंडीगढ़ के दड़वा इलाके में मंगलवार शाम हुई एक वारदात ने पूरे शहर को झकझोर दिया। 18 वर्षीय सूरज कुमार की पांच युवकों ने दिनदहाड़े चाकुओं और तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब सूरज ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में हमलावरों ने उसे घेर लिया और लगातार चाकुओं से वार किए। गंभीर रूप से घायल सूरज को सेक्टर-32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH-32) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
गली में घेरकर किया हमला, लोगों ने बनाए वीडियो
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दड़वा की एक गली में हमलावर पहले से मौजूद थे। जैसे ही सूरज वहां पहुंचा, पांच युवकों ने उसे घेर लिया और उस पर हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने चाकू और किरच जैसे तेजधार हथियारों से कई वार किए। सूरज ने खुद को बचाने और वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसे गिराकर दोबारा हमला किया। वारदात के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन कोई भी युवक को बचाने के लिए आगे नहीं आया।
घटना के दौरान आसपास के घरों की बालकनियों और छतों पर खड़े लोग पूरी वारदात का वीडियो बनाते रहे। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में हमलावर युवक को बेरहमी से पीटते और चाकू मारते दिखाई दे रहे हैं। मृतक के पिता मुकेश ने इस बात पर नाराजगी जताई कि लोग तमाशबीन बने रहे। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते कोई मदद करता तो शायद उनके बेटे की जान बच सकती थी। परिवार अब भी यह समझ नहीं पा रहा कि सूरज की हत्या क्यों की गई।
महिला ने कॉल कर बुलाई एंबुलेंस
घटना के बाद मौके पर मौजूद एक महिला ने 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस बुलाई। कुछ ही देर में PCR टीम और एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायल सूरज को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। वारदात की सूचना मिलते ही दड़वा पुलिस चौकी, इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू की और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया।
सेक्टर-36 स्थित सेंट्रल साइंस फोरेंसिक लैब और मोबाइल फोरेंसिक यूनिट ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया है। जांच अधिकारियों के मुताबिक वीडियो फुटेज और आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। कुछ संदिग्धों की पहचान होने की बात भी सामने आई है और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
थिएटर कंपनी में करता था काम, आरोपियों की तलाश जारी
मृतक सूरज कुमार चंडीगढ़ की एक थिएटर कंपनी में हेल्पर के तौर पर काम करता था। परिवार के अनुसार वह मंगलवार शाम ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में हमला हुआ। सूरज के कजिन अंकित ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें सूरज के दोस्त राहुल के फोन से मिली। इसके बाद परिवार के सदस्य सीधे अस्पताल पहुंचे। परिवार ने बताया कि सूरज और धीरज जुड़वा भाई थे। धीरज इंडस्ट्रियल एरिया की एक ऑटोमोबाइल कंपनी में नौकरी करता है। चंडीगढ़ पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य कारण था।