Chandigarh Crime News: देसी कट्टा-पिस्टल के साथ पकड़ा गया अवैध हथियार सप्लायर
Apr 03, 2026 10:22 AM
चंडीगढ़: पुलिस स्टेशन मलोया की टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान विशाल उर्फ विशालू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 1 अप्रैल को शाम करीब 4:40 बजे एएसआई अभिषेक अपनी टीम के साथ ईडब्ल्यूएस कॉलोनी, मलोया स्थित आरसी-1 स्कूल के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जिनके लिए उसके पास कोई लाइसेंस या परमिट नहीं था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने जान-पहचान के लोगों को अवैध हथियार सप्लाई करता था। पुलिस अब उसके नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और जिन लोगों को हथियार बेचे गए, उनकी पहचान की जा रही है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी हथियार राहुल उर्फ रैली नामक व्यक्ति से खरीदता था, जिसके कथित तौर पर गैंगस्टरों से संबंध बताए जा रहे हैं। इस कड़ी की भी जांच जारी है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है।