Search

Chandigarh Crime News: चंडीगढ़ में पुलिस ने नशा और अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

May 07, 2026 2:22 PM

चंडीगढ़: चंडीगढ़ में नशे और अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए सारंगपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डीएसपी सेंट्रल दलबीर सिंह और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक कुमार की निगरानी में गठित दो टीमों ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 53.08 ग्राम हेरोइन और 20 पेटियां देसी व अंग्रेजी शराब बरामद की हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पंजाब के कई शहरों से नशे की खेप लाकर चंडीगढ़ और मोहाली में सप्लाई करते थे।

धनास इलाके से दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की पहली टीम ने चेकिंग के दौरान धनास के स्मॉल फ्लैट इलाके में रहने वाले रंजीत उर्फ कर्मा और सूरज उर्फ भूत को गिरफ्तार किया। दोनों संदिग्ध हालत में घूम रहे थे। तलाशी लेने पर उनके पास से 53.08 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी में सक्रिय थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे लुधियाना और अमृतसर से कम कीमत पर हेरोइन खरीदते थे और फिर चंडीगढ़, सारंगपुर, धनास और मोहाली के अलग-अलग इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी खास तौर पर युवाओं और नशे के आदी लोगों को निशाना बनाते थे।

युवाओं को बनाया जा रहा था निशाना

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी छात्रों और कॉलोनियों में रहने वाले युवाओं तक आसानी से पहुंच बना चुके थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि अब तक कितनी बार पंजाब से हेरोइन की खेप चंडीगढ़ लाई गई।

सारंगपुर थाना पुलिस ने मामले में कई मोबाइल नंबर और संपर्कों की जानकारी जुटाई है। अधिकारियों का कहना है कि ड्रग नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपियों का संबंध किसी बड़े गिरोह से है।

एक आरोपी जेल भेजा गया

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत ने रंजीत उर्फ कर्मा को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। वहीं सूरज उर्फ भूत को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। अब पुलिस रिमांड के दौरान उससे सप्लाई चैन, खरीदारों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सूरज उर्फ भूत के खिलाफ पहले भी एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है। हालांकि रंजीत उर्फ कर्मा के खिलाफ अभी तक कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। पुलिस दोनों आरोपियों के बैंक खातों और कॉल डिटेल की भी जांच कर रही है।

अवैध शराब के साथ तीसरा आरोपी गिरफ्तार

दूसरी टीम ने इलाके में चल रही चेकिंग के दौरान सागर नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 20 पेटियां देसी और अंग्रेजी शराब बरामद कीं। आरोपी बिना किसी वैध परमिट और लाइसेंस के शराब की सप्लाई कर रहा था। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी सस्ती कीमत पर शराब खरीदकर उसे अलग-अलग इलाकों में अधिक दामों पर बेचता था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी।

सागर के खिलाफ एक्साइज एक्ट की धारा 61-1-14 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे पुलिस बेल पर रिहा कर दिया, लेकिन मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब और नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। चंडीगढ़ पुलिस ने साफ किया है कि शहर में नशा तस्करी और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की टीमें अब पंजाब और ट्राईसिटी से जुड़े नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में लगी हैं ताकि सप्लाई चैन को पूरी तरह तोड़ा जा सके।

You may also like:

Please Login to comment in the post!