Chandigarh Crime News: दहेज की मांग से परेशान विवाहिता ने की आत्महत्या, पति-सास-ससुर नामजद
Jun 07, 2026 10:26 AMचंडीगढ़: मनीमाजरा थाना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना और दहेज मृत्यु के आरोप में पति, सास, ससुर सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश के जिला गोंडा निवासी राम गोपाल तिवारी की शिकायत पर की है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता राम गोपाल तिवारी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की शादी 9 दिसंबर 2020 को विकास नगर, मौलीजागरां निवासी महेश कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे दहेज के लिए परेशान किया जाता था। शिकायत में कहा गया है कि पति और अन्य परिजन लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग करते थे तथा विवाहिता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
शिकायतकर्ता के मुताबिक दहेज की मांग और कथित उत्पीड़न से परेशान होकर उनकी बेटी ने 19 मई 2026 को अपने वैवाहिक घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की मौत के पीछे ससुराल पक्ष की प्रताड़ना और दहेज की मांग मुख्य कारण रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए मनीमाजरा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) तथा 3(5) के तहत पति महेश कुमार, सास, ससुर जवाहर लाल और अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है। मामले की जांच जारी है।