Search

Chandigarh Crime News: चंद घंटों में चोरी का खुलासा, नाके पर पिस्तौल सहित आरोपी काबू

Apr 13, 2026 9:50 AM

चंडीगढ़: शहर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मलोया थाना पुलिस ने चोरी और अवैध हथियार रखने के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पहला मामला चोरी से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार डड्डूमाजरा निवासी 28 वर्षीय महिला रितिका ने शिकायत दी कि 9 अप्रैल की रात करीब 8:20 बजे वह अपने परिवार के साथ पड़ोस में जन्मदिन समारोह में गई थी। घर से निकलते समय उसने मुख्य दरवाजा बंद कर दिया था, जबकि उसकी बीमार सास पीछे के कमरे में आराम कर रही थीं। करीब 9:10 बजे लौटने पर मुख्य दरवाजा और अलमारी खुली मिली। जांच करने पर घर से दो सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, दो चांदी की चेन, बिछुए, पायल, कड़े और एक घड़ी चोरी पाई गई।

इस मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय रोहित उर्फ कॉफी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान उसके कब्जे से चांदी के कुछ आभूषण बरामद किए गए हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। दूसरा मामला अवैध हथियार रखने से संबंधित है। 11 अप्रैल की रात जामपुर बैरियर पर नाका ड्यूटी के दौरान पुलिस ने एक महिंद्रा एक्सयूवी 700 वाहन को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर चालक सीट के पास से एक देसी पिस्तौल बरामद हुई। सूचना मिलने पर एएसआई उमेद सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

आरोपी की पहचान जालंधर निवासी 33 वर्षीय नवीन उर्फ विशाल के रूप में हुई। उसके पास से बिना लाइसेंस के .32 बोर की पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। यह कार्रवाई एसएसपी यूटी चंडीगढ़ कंवरदीप कौर के निर्देशों, एसपी सिटी केएम. प्रियंका के मार्गदर्शन और एसडीपीओ साउथ-वेस्ट धीरज कुमार की निगरानी में की गई। टीम का नेतृत्व थाना मलोया के एसएचओ इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने किया।

You may also like:

Please Login to comment in the post!