Chandigarh Crime News: नशा मुक्त अभियान के तहत अलग-अलग मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
Apr 23, 2026 5:24 PM
चंडीगढ़: चंडीगढ़ शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंडीगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 28.38 ग्राम हेरोइन और क्रिस्टल मेथ (आइस) बरामद की है। यह कार्रवाई यूटी की एसएसपी कंवरदीप कौर और एसपी सिटी केएम प्रियंका के निर्देशन में मलोया थाना पुलिस की टीम द्वारा की गई।
पहले मामले में पुलिस ने सेक्टर-39 वेस्ट स्थित जिरी मंडी जंगल क्षेत्र के पास 34 वर्षीय अनुप को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 8.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 9.80 ग्राम क्रिस्टल मेथ बरामद हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब उससे ड्रग सप्लाई नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने डड्डूमाजरा श्मशान घाट के पास 36 वर्षीय विजय कुमार को गिरफ्तार किया। उसके पास से 10.18 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसका कुछ हिस्सा एक पाउच में छिपाकर रखा गया था। इस संबंध में विजय को 22 अप्रैल को हिरासत में लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।