चंडीगढ़: दुकान में विवाद के दौरान कुत्ते पर चापड़ से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
Dec 15, 2025 5:11 AMचंडीगढ़: सेक्टर-38 में एक किराना दुकान पर हुए विवाद के दौरान कुत्ते पर चापड़ से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान डड्डूमाजरा निवासी गौरव और संदीप शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-38 निवासी दुकानदार लक्ष्य ने शिकायत में बताया कि 9 दिसंबर की शाम करीब सात बजे तीन युवक उसकी दुकान पर सामान लेने आए थे। दुकान पर उस समय उसके पिता भी मौजूद थे। युवकों ने कुछ सामान की मांग की, जो दुकान में उपलब्ध नहीं था। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, विवाद के दौरान एक युवक ने अचानक चापड़ निकालकर हमला करने की कोशिश की। इसी बीच दुकान के पास मौजूद एक कुत्ता भौंकते हुए बीच में आ गया। आरोपी ने दुकानदार पर वार करने के बजाय चापड़ कुत्ते की ओर फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुत्ते को इलाज के दौरान 13 टांके लगाए गए। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें पूरी घटना कैद मिली। फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर सोशल वर्कर और डॉग लवर सिमरन बानी मौके पर पहुंचीं और घायल कुत्ते का इलाज करवाया। उन्होंने बताया कि फिलहाल कुत्ते की हालत स्थिर है और वह उसकी देखभाल कर रही हैं।