Search

चंडीगढ़ मेयर ने की 2026-27 बजट और प्रोजेक्ट्स की समीक्षा बैठक: कहा- एक साल में पूरे हों शहर से जुड़े सभी विकास कार्य

Apr 03, 2026 10:29 AM

चंडीगढ़: चंडीगढ़ नगर निगम में विकास कार्यों को तेज करने और तय समयसीमा में पूरा करने के उद्देश्य से मेयर सौरभ जोशी ने वीरवार को हाई लेवल समीक्षा बैठक की। बैठक में वर्ष 2026-27 के बजट व्यय, विकास योजनाओं और चल रहे प्रोजेक्ट्स की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।

बैठक में चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा समेत सभी सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान आय, पूंजीगत व्यय (कैपिटल एक्सपेंडिचर) और राजस्व (नॉन-प्लान) खर्च जैसे अहम वित्तीय पहलुओं पर गहन चर्चा की गई। मेयर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत और लंबित विकास कार्यों को तुरंत शुरू किया जाए और उन्हें इसी वर्ष के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

योजना, मॉनिटरिंग और पारदर्शिता पर जोर

बैठक में केंद्र सरकार द्वारा वित्तपोषित योजनाओं और अन्य सरकारी कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मेयर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन योजनाओं के तहत मिले फंड का प्रभावी उपयोग किया जाए और कार्यों को समय पर पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द लाभ मिल सके। मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए बेहतर योजना, कड़ी मॉनिटरिंग और संसाधनों का पारदर्शी उपयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने इंजीनियरिंग विंग्स को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

राजस्व बढ़ाने के लिए नए उपाय तलाशने के निर्देश

बैठक में नगर निगम की आय बढ़ाने के उपायों पर भी विशेष चर्चा हुई। मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व बढ़ाने के लिए नए और टिकाऊ विकल्प तलाशे जाएं, ताकि भविष्य में विकास कार्यों के लिए मजबूत वित्तीय आधार तैयार किया जा सके। बैठक के दौरान चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा और अन्य अधिकारियों ने बजट खर्च और प्रोजेक्ट्स की स्थिति पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करते हुए तय समयसीमा के भीतर सभी विकास कार्यों को पूरा करेंगे। मेयर ने बैठक के अंत में कहा कि नगर निगम का उद्देश्य योजनाबद्ध शहरी विकास, बेहतर नागरिक सुविधाएं और मजबूत वित्तीय प्रबंधन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से चंडीगढ़ के निवासियों के जीवन स्तर में सुधार लाया जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!