Chandigarh News: नगर निगम की कार्रवाई में 42 चालान, अवैध वेंडिंग पर चला प्रशासन डंडा
Apr 30, 2026 10:46 AM
चंडीगढ़: नगर निगम चंडीगढ़ ने शहर में अवैध वेंडिंग और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाना रहा। सेक्टर-37 में दोपहर और शाम के समय विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें बिना पंजीकरण और नियमों के उल्लंघन पर कई वेंडर्स के चालान किए गए। इस दौरान नगर निगम की टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए व्यवस्था को दुरुस्त किया।
इसी क्रम में मनीमाजरा और सेक्टर-13 क्षेत्र में भी प्रवर्तन अभियान चलाया गया, जिसमें अवैध वेंडर्स को हटाया गया और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई। दोनों अभियानों को मिलाकर कुल 42 चालान जारी किए गए। इसके अतिरिक्त मनीमाजरा के कबाड़ी मार्केट से अतिक्रमण हटाया गया तथा मेन बाजार क्षेत्र से रेहड़ी-फड़ी वेंडर्स को हटाकर पैदल यात्रियों के लिए मार्ग को सुगम बनाया गया। कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर बाधा उत्पन्न कर रहे दो वाहनों को भी जब्त किया गया। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।