Chandigarh News: दड़वा युवक हत्या मामले में 6 नाबालिग गिरफ्तार, सभी को बाल सुधार गृह भेजा, मां ने मांगी फांसी की सजा
May 16, 2026 5:18 PM
चंडीगढ़: चंडीगढ़ के दड़वा इलाके में मंगलवार 12 मई की शाम हुई सूरज कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने 6 नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड में पेश करने के बाद बाल सुधार गृह भेज दिया गया। इस बीच मृतक की मां राजवाला ने प्रशासन से मांग की है कि उसके बेटे के हत्यारों को फांसी या उम्रभर जेल में रखने जैसी सख्त सजा दी जाए। घटना के बाद दड़वा और आसपास के इलाकों में लोगों में आक्रोश बना हुआ है।
पुलिस के अनुसार सूरज कुमार मंगलवार शाम अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक पर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले सूरज को रोका और फिर उस पर चाकू और किरच से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सूरज ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावर लगातार उस पर वार करते रहे। युवक जमीन पर गिर पड़ा तो आरोपियों ने दोबारा उसके शरीर पर कई वार किए। वारदात दिनदहाड़े हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
वीडियो बनाते रहे लोग, मदद को कोई नहीं आया
घटना का 55 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में हमलावर सूरज को बालों से पकड़कर उसकी छाती, पेट और पीठ पर चाकू मारते दिखाई दे रहे हैं। कुछ आरोपी उसके चेहरे पर लात मारते भी नजर आ रहे हैं। वीडियो में सूरज हमलावरों से खुद को छोड़ने की गुहार लगाता दिखाई देता है। परिवार ने उन लोगों पर नाराजगी जताई है जो घटना के दौरान आसपास की बालकनियों और छतों से वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने युवक को बचाने की कोशिश नहीं की। सूरज के पिता मुकेश ने कहा कि अभी तक उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उनके बेटे की हत्या क्यों की गई।
महिला ने 108 पर कॉल कर बुलाई एंबुलेंस
मौके पर मौजूद एक महिला ने 108 एंबुलेंस सेवा पर कॉल कर मदद मांगी थी। सूचना मिलने के बाद पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और घायल सूरज को जीएमसीएच-32 अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही दड़वा पुलिस चौकी, इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस, डीएसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मोबाइल फोरेंसिक टीम और सेक्टर-36 स्थित सेंट्रल साइंस फोरेंसिक लैब के विशेषज्ञों ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य सबूत जुटाए।
मृतक की मां ने की सख्त सजा की मांग
मृतक के कजिन अंकित ने बताया कि शाम को सूरज के दोस्त राहुल का फोन आया था, जिसने हमले की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के सदस्य सीधे अस्पताल पहुंचे। सूरज चंडीगढ़ की एक थिएटर कंपनी में हेल्पर के तौर पर काम करता था और घटना के समय ड्यूटी से घर लौट रहा था। परिवार के मुताबिक सूरज और धीरज जुड़वा भाई थे। धीरज सूरज से सिर्फ एक मिनट बड़ा है और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक ऑटोमोबाइल कंपनी में काम करता है। परिवार का कहना है कि सूरज मेहनत से नौकरी कर घर का सहारा बन रहा था।
मृतक की मां राजवाला ने प्रशासन और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी मां की गोद उजाड़ने वालों को सख्त सजा मिलेगी, तभी ऐसे अपराधों पर डर बनेगा। चंडीगढ़ पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वीडियो फुटेज सहित अन्य सबूतों के आधार पर पूरी वारदात की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अब हमले के पीछे की वजह और आरोपियों के आपसी संबंधों की भी जांच कर रही है।