Chandigarh News: पैरा नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए चंडीगढ़ के 8 खिलाड़ी चयनित, सीबीए देगा स्पॉन्सरशिप
Feb 28, 2026 10:37 AM
चंडीगढ़: आगामी 6 से 10 मार्च 2026 तक हैदराबाद में आयोजित होने वाली पैरा नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए चंडीगढ़ के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों के चयन ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हो गए। इन ट्रायल्स के माध्यम से शहर का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया गया।
कड़े और पारदर्शी मूल्यांकन के बाद जिन खिलाड़ियों को चैंपियनशिप के लिए चुना गया है, उनमें संजीव कुमार, महावीर प्रसाद, राजेश कुमार, सुखमीत कौर, सचिन कुमार, अजय कुमार, साहिल बिड़ला और लक्ष्मण यादव शामिल हैं। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता, फिटनेस, कोर्ट मूवमेंट और प्रतिस्पर्धात्मक प्रदर्शन का गहन आकलन किया गया।
इस अवसर पर चंडीगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन (सीबीए) ने चयनित सभी खिलाड़ियों को चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए स्पॉन्सरशिप देने की घोषणा की है। एसोसिएशन के इस निर्णय से खिलाड़ियों को आर्थिक सहयोग मिलने के साथ-साथ उनका मनोबल भी बढ़ेगा। सीबीए का यह कदम समावेशी खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सीबीए ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे हैदराबाद में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में शहर का नाम रोशन करेंगे।