Chandigarh News: पशुओं के इलाज में डिजिटल कदम, चंडीगढ़ में टेलीमेडिसिन सुविधा शुरू
Mar 28, 2026 10:49 AM
चंडीगढ़: यूटी प्रशासक के पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग ने पशुपालकों के लिए टेलीमेडिसिन के माध्यम से निःशुल्क परामर्श सेवा शुरू की है। इस सेवा का उद्घाटन शुक्रवार को पशुपालन सचिव प्रदीप कुमार ने किया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कहा कि पशुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को मजबूत बनाने में टेलीमेडिसिन की अहम भूमिका है। भारत सरकार की “वन नेशन वन हेल्थ” पहल और नीति आयोग के मार्गदर्शन में इस सेवा को देशभर में लागू किया जा रहा है।
इसी दिशा में चंडीगढ़ में भी यह सुविधा शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त 2021 को राष्ट्रीय डिजिटल हेल्थ मिशन (एनडीएचएम) की शुरुआत की गई थी, जिसका उद्देश्य एक एकीकृत स्वास्थ्य प्रणाली तैयार करना है, जिससे पशु चिकित्सक और पशुपालक डिजिटल माध्यम से जुड़ सकें और उन्हें समय पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी मिल सके। निदेशक पशुपालन नवीन ने बताया कि इस सेवा से पशुपालकों को हर बार पशु चिकित्सालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी, खासकर उन मामलों में जहां शारीरिक जांच जरूरी नहीं होती, जैसे ऑपरेशन के बाद फॉलो-अप, सामान्य परामर्श और निगरानी।
उन्होंने कहा कि यह पहल पशुओं, उनके पालकों और स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रामक जूनोटिक रोगों से सुरक्षित रखने और उनके प्रसार को कम करने में भी सहायक होगी। संयुक्त निदेशक पशुपालन डॉ. अश्वनी कुमार ने बताया कि यह टेलीमेडिसिन सेवा रविवार को छोड़कर प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 8 बजे तक उपलब्ध रहेगी। पशुपालक टोल-फ्री नंबर 1800-180-2206 पर कॉल कर निःशुल्क परामर्श ले सकते हैं। उन्होंने पशुपालकों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।