Search

Chandigarh News: पीयू में बढ़ते कैंपस अपराधों के खिलाफ एबीवीपी का प्रदर्शन

May 16, 2026 10:30 AM

चंडीगढ़: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की पंजाब यूनिवर्सिटी इकाई ने शुक्रवार को कैंपस में बढ़ रही चोरी, हिंसा और असुरक्षा की घटनाओं के विरोध में प्रशासनिक ब्लॉक के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन, मुख्य सुरक्षा अधिकारी और चंडीगढ़ पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एबीवीपी इकाई अध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि लगातार हो रही चोरी और हिंसा की घटनाओं से छात्रों में डर का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी की सुरक्षा व्यवस्था केवल औपचारिक बनकर रह गई है और सुरक्षा कर्मी कैंपस में सक्रिय गश्त करने के बजाय दफ्तरों तक सीमित हैं।

एबीवीपी ने कैंपस में सीसीटीवी व्यवस्था को भी नाकाफी बताया। संगठन के अनुसार अधिकतर कैमरे केवल यूनिवर्सिटी के गेटों तक सीमित हैं, जबकि विभागों, छात्र क्षेत्रों और पार्किंग स्थलों पर निगरानी की उचित व्यवस्था नहीं है। संगठन ने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और रात के समय विशेष सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की। एबीवीपी ने हाल की हिंसक घटनाओं पर प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई को कमजोर बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!