Chandigarh News: खेलों के जरिए युवा शक्ति को नई दिशा देने की पहल, भाजपा ने किया “चंडीगढ़ खेलो गेम्स 2026” का ऐलान
Apr 29, 2026 5:25 PM
चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चंडीगढ़ के खेल प्रकोष्ठ की ओर से “चंडीगढ़ खेलो गेम्स 2026” का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में ट्राइसिटी के अंडर-19 खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। आयोजन की घोषणा सेक्टर-33 स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की गई। खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रभजीत सिंह लांबा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए सकारात्मक दिशा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि प्रतियोगिता के लिए अब तक करीब 700 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। इच्छुक खिलाड़ी 9 मई तक ऑनलाइन लिंक के माध्यम से निःशुल्क रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
लांबा ने बताया कि “चंडीगढ़ खेलो गेम्स 2026” का उद्घाटन 11 मई को पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) में किया जाएगा, जबकि प्रतियोगिताओं का समापन 17 मई को होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को टी-शर्ट और सहभागिता प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। वहीं विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक युवा इसमें शामिल होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। लांबा के अनुसार प्रतियोगिताओं में कुल 12 खेल शामिल हैं, जिनमें खो-खो, फुटबॉल (6-ए-साइड), बास्केटबॉल (3-ए-साइड), रग्बी, कबड्डी, अट्या-पट्या, डॉजबॉल, जूडो, कराटे और टेबल टेनिस प्रमुख हैं। इसके अलावा नेटबॉल और वॉलीबॉल को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया है। वहीं ट्रैक एंड फील्ड में 100, 200 और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जेपी मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक सामाजिक संगठन के रूप में भी कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में कई सामाजिक कार्यक्रम, मेडिकल कैंप और स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित करने जैसे कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ कौशल और खेलों से जोड़ना बेहद जरूरी है। उनका उद्देश्य बच्चों को अवसर देना है ताकि वे अपने लक्ष्य निर्धारित कर सकें और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें। मल्होत्रा ने यह भी बताया कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही मलोया और धनास कॉलोनी में जल्द ही संगीत प्रतिभाओं के लिए भी प्रतियोगिता शुरू की जाएगी।
मुजफ्फरनगर में जीता ब्रॉन्ज, चंडीगढ़ नेटबॉल टीम का हुआ सम्मा
इस अवसर पर 38वीं जूनियर नेटबॉल नेशनल अंडर-19 प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाली चंडीगढ़ टीम को भी सम्मानित किया गया। मुजफ्फरनगर में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चंडीगढ़ टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर शहर का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों को ट्रैकसूट भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही जानकारी दी गई कि स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट, यूटी चंडीगढ़ की ओर से टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी, प्रदेश महामंत्री संजीव राणा, प्रदेश मीडिया प्रभारी रवि रावत, खेल प्रकोष्ठ के सह-कन्वीनर हरीश कक्कड़ तथा प्रदेश सचिव मीनाक्षी ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।