Chandigarh News: होली पर मिलावटखोरों पर वार, रंग-उत्सव के साथ शहर में सख्ती का पहरा, 100 से अधिक मिठाई दुकानों की जांच
Mar 02, 2026 11:10 AM
चंडीगढ़: होली के त्योहार को लेकर जहां शहर रंगों, उमंग और सांस्कृतिक आयोजनों में सराबोर नजर आ रहा है, वहीं प्रशासन ने भी मिलावटखोरी पर लगाम कसने के लिए सख्त रुख अपनाया है। त्योहार के दौरान मिठाइयों की बढ़ती मांग को देखते हुए हेल्थ डिपार्टमेंट के फूड एंड सेफ्टी विंग ने शहरभर में विशेष अभियान शुरू किया है, जिसके तहत 100 से अधिक मिठाई की दुकानों पर निगरानी रखी जा रही है। विभाग की ओर से करीब 5 फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर्स की ड्यूटी लगाई गई है।
उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जहां भी मिठाइयों की गुणवत्ता संदिग्ध मिले या मिलावट की आशंका हो, वहां तुरंत सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाए और संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के समय मिलावट की शिकायतें बढ़ जाती हैं, इसलिए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।
होली मिलन समारोहों में उमड़ा उत्साह
दूसरी ओर, होली के मौके पर शहर में विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक संस्थाओं द्वारा भव्य होली मिलन समारोह आयोजित किए गए। बिहार फाउंडेशन (पंजाब एवं चंडीगढ़ चैप्टर) और पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 29वां होली मिलन समारोह खास आकर्षण रहा।
सेक्टर-30 स्थित मक्खन शाह लुबाना भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पंजाब नेशनल बैक के मुख्य महा प्रबंधक डॉ.राजेश प्रसाद बतौर मुख्य अतिथि और मेयर सौरभ जोशी बतौर विशेष अतिथि मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार, ऐसे आयोजन प्रवासी समुदाय को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी कलाकार सुहानी सिंह और जीतू प्रजापति ने शानदार प्रस्तुतियां देकर माहौल को रंगीन बना दिया। दर्शकों ने भी उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया। अंत में सभी के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया।
हर्बल गुलाल और फूलों से खेली गई सुरक्षित होली
इस बार आयोजनों में पर्यावरण और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा गया। अधिकतर कार्यक्रमों में केमिकल युक्त रंगों के बजाय हर्बल गुलाल और फूलों से होली खेली गई। सेक्टर-42 स्थित बेअंत सिंह मेमोरियल ओपन एयर थिएटर में कुमाऊं सभा, चंडीगढ़ द्वारा भव्य “होली मिलन समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सभा के प्रधान गोकुल सिंह नगरकोटी ने की।
समारोह में राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू, मेयर सौरभ जोशी, संजय टंडन, अरुण सूद, जितेंद्र मल्होत्रा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद बच्चों और युवाओं ने पारंपरिक कुमाऊनी होली गीतों और नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं। लोक गायिका हेमा ध्यानी और आनंद कोरंगा की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि उत्तराखंडी छोलिया नृत्य ने विशेष आकर्षण बटोरा।
सभा के मीडिया प्रभारी शशि प्रकाश पांडे ने बताया कि ट्राईसिटी से बड़ी संख्या में कुमाऊंनी समाज के लोग ‘होलीयारों’ के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में पारंपरिक उत्तराखंडी व्यंजनों का भी आनंद लिया गया। सभा के अध्यक्ष गोकुल सिंह नगरकोटी ने कहा कि होली आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं।
स्टॉल लगाने वालों को निगम की राहत
होली के मौके पर अस्थायी स्टॉल लगाने को लेकर नगर निगम ने भी राहत भरा फैसला लिया है। ‘आई एम चंडीगढ़’ ऐप में तकनीकी समस्या के कारण रविवार की बुकिंग नहीं हो पाई थी । निगम ने स्पष्ट किया कि 2 से 4 मार्च तक बुकिंग कराने वाले स्टॉल धारकों का रविवार को चालान नहीं किया गया। इसके अलावा, जिन वेंडर्स को ऐप के माध्यम से बुकिंग में दिक्कत आई, उनके लिए मौके पर भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
सतर्कता के साथ उत्सव का आनंद
कुल मिलाकर, चंडीगढ़ में इस बार होली का उत्सव जहां पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है, वहीं प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। एक ओर रंगारंग कार्यक्रमों और सांस्कृतिक आयोजनों ने त्योहार की रौनक बढ़ाई, वहीं दूसरी ओर मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान और व्यवस्थाओं ने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।