Search

Chandigarh News: धूमधाम से मनाया बैसाखी उत्सव, सांस्कृतिक रंग में रंगा सेक्टर-27

Apr 15, 2026 9:37 AM

चंडीगढ़: सेक्टर-27डी स्थित ‘नेबरहुड डेवलपमेंट एसोसिएशन’ और ‘सीनियर सिटिजन्स एसोसिएशन’ द्वारा संयुक्त रूप से बैसाखी का त्योहार पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने भाग लिया और पूरा क्षेत्र सांस्कृतिक रंग में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में सीनियर डिप्टी मेयर जसमनप्रीत सिंह, पूर्व मेयर हरप्रीत कौर बबला, सेक्टर-26 थाना प्रभारी राम रतन शर्मा तथा भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष देविंदर सिंह बबला विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिनमें पंजाब की समृद्ध विरासत की झलक देखने को मिली। अपने संबोधन में सीनियर डिप्टी मेयर जसमनप्रीत सिंह ने कहा कि बैसाखी केवल फसल का त्योहार नहीं, बल्कि खालसा पंथ की स्थापना और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। देविंदर सिंह बबला ने बैसाखी को नई शुरुआत, कृतज्ञता और एकजुटता का पर्व बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने में मदद मिलती है।

इस अवसर पर समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पी.पी. जैन, एच.आर. ढींगरा, मोहिंदर सिंह, ‘तेरा तेरा मिशन’ से डी.पी. सिंह और समाजसेवी शाम लाल को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सीनियर सिटिजन्स एसोसिएशन की अध्यक्ष शिखा निझावन और नेबरहुड डेवलपमेंट एसोसिएशन के सह-संयोजक जसज्योत सिंह अलमस्त ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर एसोसिएशन के पदाधिकारी दलजीत सिंह (महासचिव), गुरदीप सिंह चौहान (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), रविंदर गौतम (कोषाध्यक्ष), अमरदीप सहगल (ऑडिटर), पुष्पराज शर्मा और नरेश गौतम (सचिव) सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

You may also like:

Please Login to comment in the post!