Chandigarh News: मनीमाजरा में सिक्योरिटी गार्ड का ब्लाइंड मर्डर सुलझा, बाप-बेटे समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
May 05, 2026 11:06 AM
चंडीगढ़: मनीमाजरा क्षेत्र में हुए सिक्योरिटी गार्ड के ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला 2 मई को सामने आया था, जब कलाग्राम लाइट प्वाइंट के पास पेट्रोल पंप के नजदीक एक खून से सना शव बरामद हुआ था। मृतक मनीमाजरा स्थित पीडब्ल्यूडी स्टोर में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पोस्टमॉर्टम 3 मई को सेक्टर-16 अस्पताल में करवाया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जांच में सामने आया कि पीडब्ल्यूडी स्टोर के पास झुग्गियों में रहने वाले मजदूरों को शक था कि उनका मोबाइल फोन कुछ दिन पहले चोरी हो गया था और इसके लिए वे गार्ड को जिम्मेदार मान रहे थे। 2 मई की रात करीब 10:30 बजे शराब के नशे में उन्होंने गार्ड से झगड़ा किया, जिसके दौरान मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गई। आरोपियों ने सबूत छिपाने के लिए शव को जंगल की ओर घसीट दिया। पुलिस ने इस मामले में मुन्ना राजक (47), उसके बेटे शनि देव कुमार (27) और धनिक कुमार साह (24) को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों बिहार के रहने वाले हैं। इनके पास से मृतक का मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई लकड़ी की डंडा और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।