Search

Chandigarh News: बंद कमरे से देवर-भाभी के शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी

Feb 27, 2026 9:51 AM

चंडीगढ़: सेक्टर-41 स्थित गांव बुटेरला में वीरवार दोपहर एक किराये के मकान से देवर और भाभी के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-39 थाना पुलिस और पीसीआर टीम मौके पर पहुंची तथा दोनों को तत्काल सेक्टर-16 के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान नगमा (लगभग 30 वर्ष) और उसके देवर मुरसलीन (करीब 24 वर्ष) के रूप में हुई है। 

प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार नगमा अपने दो छोटे बच्चों के साथ बुटेरला में रहती थी। उसका पति फरमान मजदूरी/एसी मैकेनिक का काम करता है और इन दिनों उत्तर प्रदेश गया हुआ था। घटना के समय बच्चे घर में ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि बच्चों ने परिजनों को फोन कर सूचना दी, जिसके बाद रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और स्थिति का पता चला।

जांच में सामने आया कि युवक कमरे में छत से लगे हुक के सहारे फंदे पर लटका मिला, जबकि महिला का शव कमरे में नीचे पड़ा हुआ था। गले पर निशान पाए गए हैं। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

डीएसपी स्तर के अधिकारी ने बताया कि फिलहाल हत्या की आशंका नहीं दिख रही, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी। यह भी जांच की जा रही है कि घटना से पहले दोनों के बीच क्या परिस्थितियां थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!