Search

Chandigarh News: सेक्टर-38 के जंगल में मिला 25 वर्षीय युवक का शव, बच्चों ने दी लाश की सूचना, हर एंगल से जांच कर रही पुलिस

May 10, 2026 4:36 PM

चंडीगढ़: चंडीगढ़ के सेक्टर-38 स्थित जंगल क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मनीष कश्यप (25) के रूप में हुई है, जो पेशे से इलेक्ट्रिशियन था और सेक्टर-38 में अपने परिवार के साथ रहता था। परिवार के मुताबिक मनीष शुक्रवार को घर से शेव करवाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। लगातार फोन करने के बावजूद उससे संपर्क नहीं हो सका। 

स्थानीय लोगों के अनुसार मनीष के परिवार को शनिवार को लड़की देखने जाना था और उसकी शादी की बातचीत चल रही थी। युवक के अचानक लापता होने से परिवार पूरी रात परेशान रहा और अलग-अलग जगहों पर उसकी तलाश करता रहा। शनिवार सुबह जंगल में शव मिलने की सूचना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

बच्चों ने जंगल में देखा शव

जिस जगह युवक का शव मिला, वह इलाका पंजाब यूनिवर्सिटी से मौसम विभाग की ओर जाने वाली सड़क के दाईं तरफ जंगल क्षेत्र में पड़ता है। शनिवार सुबह कुछ बच्चे वहां शौच के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी नजर जंगल में पड़े शव पर पड़ी। शव से बदबू आने के कारण बच्चे डर गए और उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया।

सेक्टर-16 अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया शव

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। शुरुआती जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सेक्टर-16 सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

सूत्रों के अनुसार पुलिस ड्रग ओवरडोज समेत कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आसपास के लोगों और परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है।

परिवार और स्थानीय लोगों के मुताबिक मनीष घर से निकलते समय करीब 7 से 8 हजार रुपए अपने साथ लेकर गया था। शव मिलने के बाद वह रकम उसके पास नहीं मिली। इस कारण पुलिस लूट या अन्य संभावित एंगल को भी जांच में शामिल कर रही है। मनीष के परिवार में उसका एक बड़ा भाई भी है, जिसकी शादी हो चुकी है। परिवार अब मनीष की शादी की तैयारी कर रहा था और रिश्ते की बातचीत आगे बढ़ रही थी। ऐसे माहौल में युवक की मौत ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है।

रातभर तलाश करता रहा परिवार, जांच में जुटी पुलिस 

मनीष के घर नहीं लौटने के बाद परिवार ने रिश्तेदारों और दोस्तों से संपर्क किया। कई जगहों पर उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। परिवार को उम्मीद थी कि वह किसी दोस्त के पास होगा और वापस लौट आएगा। सुबह जब पुलिस की सूचना मिली तो परिवार मौके पर पहुंचा। शव की पहचान होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इलाके के लोग भी घटना के बाद स्तब्ध हैं।

चंडीगढ़ पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह साफ हो सकेगी। पुलिस युवक की कॉल डिटेल, उसकी गतिविधियों और आखिरी बार किसके संपर्क में था, इसकी भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने आसपास के इलाके से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

You may also like:

Please Login to comment in the post!