Chandigarh News: चंडीगढ़ बन सकता है 2027 एशियाई रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप का मेजबान
Mar 18, 2026 10:33 AM
चंडीगढ़: रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने वर्ष 2027 में होने वाली 21वीं एशियाई रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए चंडीगढ़ को मेजबान शहर बनाने का औपचारिक प्रस्ताव दिया है। इस संबंध में पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक से सहयोग और समर्थन का अनुरोध किया गया है। इस पहल को स्पोर्ट्स एडवाइजरी कमेटी, यूटी चंडीगढ़ के चेयरमैन संजय टंडन का समर्थन मिला है। उनके साथ चंडीगढ़ रोलर स्केटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण वालिया ने भी मंगलवार को राज्यपाल से मुलाकात की।
आरएसएफआई के अनुसार, चंडीगढ़ को मेजबान शहर के रूप में चुना जा चुका है, हालांकि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने की जरूरत है। हाल ही में वर्ल्ड स्केट एशिया के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शहर की स्केटिंग सुविधाओं का निरीक्षण किया और उन्हें संभावनाशील बताते हुए अपग्रेड करने की सिफारिश की।
यह चैंपियनशिप एशिया के कई देशों के शीर्ष खिलाड़ियों, अधिकारियों और प्रतिनिधियों को आकर्षित करेगी, जिससे यह आयोजन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इसके आयोजन से चंडीगढ़ को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलने के साथ-साथ युवाओं की खेलों में रुचि, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
सफल आयोजन के लिए आरएसएफआई ने यूटी प्रशासन से व्यापक सहयोग मांगा है। इसमें विश्वस्तरीय स्केटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास, सुरक्षा, आवास और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था शामिल है। साथ ही, एक समर्पित रोलर स्केटिंग पार्क विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है, जो भविष्य में शहर के लिए स्थायी खेल विरासत बनेगा।