Search

Chandigarh News: सुखना चो वन क्षेत्र में विकसित होगा सिटी फॉरेस्ट, मुख्य सचिव ने योजनाओं की समीक्षा की

May 22, 2026 10:53 AM

चंडीगढ़: यूटी के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद, मुख्य ने वीरवार को वन विभाग, पर्यावरण विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग तथा चंडीगढ़ पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में वन सचिव वनमंदीप सिंह बराड़, मुख्य वन संरक्षक-सह-प्रधान मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक सौरभ कुमार, अतिरिक्त निदेशक पर्यावरण विभाग अनुप कुमार सोनी और निदेशक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एवं नवीकरणीय ऊर्जा नितिश सिंगला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान वन विभाग ने सुखना चो वन क्षेत्र में सिटी फॉरेस्ट विकसित करने की महत्वाकांक्षी परियोजना की जानकारी दी। 

अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, पारिस्थितिक जागरूकता और सतत इको-टूरिज्म को बढ़ावा देना है। इसके तहत प्रकृति आधारित शिक्षण, पर्यावरण जागरूकता, वन एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। समीक्षा बैठक में बताया गया कि ग्रीनिंग चंडीगढ़ एक्शन प्लान 2025-26 के तहत 5.76 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य के मुकाबले 6.64 लाख से अधिक पौधे लगाए गए हैं। मार्च 2026 तक इन पौधों की औसत जीवित रहने की दर लगभग 79 प्रतिशत दर्ज की गई।  वन सचिव मंदीप सिंह बराड़ ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए पौधारोपण योजना अंतिम चरण में है और विभाग संख्या के बजाय गुणवत्तापूर्ण पौधारोपण पर विशेष ध्यान दे रहा है। 

चालू वर्ष के लिए वितरण सहित 4.10 लाख पौधों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधारोपण गतिविधियां वैज्ञानिक तरीके से की जाएं तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार उपयुक्त प्रजातियों का चयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए शहरी क्षेत्रों में रंग-बिरंगी झाड़ियों के रोपण को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। बैठक में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग की विभिन्न योजनाओं, जिनमें पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, अनुसंधान एवं विकास सहायता तथा इलेक्ट्रिक वाहन नीति शामिल हैं, की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी लंबित परियोजनाओं को तीन माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

You may also like:

Please Login to comment in the post!