Search

Chandigarh News: चंडीगढ़ में डिजिटल जनगणना शुरू, मुख्य सचिव ने सेल्फ एन्यूमरेशन कर दिखाई राह

Apr 17, 2026 10:24 AM

चंडीगढ़: जनगणना 2027 के तहत डिजिटल प्रक्रिया को बढ़ावा देते हुए चंडीगढ़ में सेल्फ एन्यूमरेशन (स्व-गणना) की शुरुआत वीरवार से हो गई। यूटी प्रशासन के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने वेब पोर्टल के माध्यम से अपना सेल्फ एन्यूमरेशन सफलतापूर्वक पूरा कर इस प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इस दौरान जनगणना संचालन निदेशालय, चंडीगढ़ की निदेशक डॉ. नवजोत खोसा तथा उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी निशांत कुमार यादव मौजूद रहे और उन्होंने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। प्रशासन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया में आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना और इसे अधिक पारदर्शी, सरल व प्रभावी बनाना है। 

डिजिटल माध्यम से लोग अब स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे, जिससे समय की बचत के साथ प्रक्रिया में सटीकता भी सुनिश्चित होगी। जनगणना 2027 के तहत शुरू हुई ‘सेल्फ एन्यूमरेशन’ प्रक्रिया के अंतर्गत  मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने स्वयं ऑनलाइन पंजीकरण कर नागरिकों के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका यह कदम आम लोगों को इस सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक डिजिटल प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा। प्रशासन के अनुसार,सेल्फ एन्यूमरेशन के माध्यम से नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे न केवल समय की बचत होती है बल्कि आंकड़ों की शुद्धता भी सुनिश्चित होती है।

इस अवसर पर मुख्य सचिव ने कहा कि प्रभावी योजना निर्माण और नीतिगत निर्णयों के लिए सटीक आंकड़े बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और जनगणना प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग दें। जनगणना संचालन निदेशालय तथा उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी द्वारा इस प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। नागरिकों की सुविधा के लिए एक समर्पित टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 भी जारी किया गया है, जहां किसी भी प्रकार की जानकारी या तकनीकी सहायता प्राप्त की जा सकती है। जनगणना 2027 के तहत सेल्फ एन्यूमरेशन प्रक्रिया को गति देते हुए प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की अपील की है। 

इसके लिए नागरिक आधिकारिक जनगणना पोर्टल (https://se.census.gov.in) पर जाकर आसानी से स्व-गणना पूर्ण कर सकते हैं। सेल्फ एन्यूमरेशन प्रक्रिया को और अधिक सरल व नागरिक-अनुकूल बनाने के लिए पोर्टल पर 16 भाषाओं में जानकारी भरने की सुविधा दी गई है। इस प्रक्रिया के तहत नागरिकों से कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे, जिनका जवाब ऑनलाइन दर्ज करना होगा। प्रशासन के अनुसार, जानकारी भरने के बाद प्रत्येक नागरिक को एक यूनिक आईडी जारी की जाएगी। इसके बाद गणना कर्मी घर-घर जाकर केवल दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन करेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक आसान, पारदर्शी और समयबद्ध बन सकेगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान एकत्रित की गई सभी जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए ही, जनगणना अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप किया जाएगा। गौरतलब है कि  जनगणना 2027 को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहला चरण हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग जनगणना का होगा, जो 1 मई से 30 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान शहर में इमारतों, घरों और परिवारों का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। 

साथ ही नागरिकों की जीवनशैली से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय और आवासीय स्थिति संबंधी जानकारी भी एकत्र की जाएगी। दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी, जिसे फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशासन के अनुसार, शहर में कुल 2045 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं। पहले चरण के सफल संचालन के लिए 2250 गणनाकार और 375 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं, जिनमें अधिकांश स्कूल शिक्षक शामिल हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!