Chandigarh News: कसोल से जुड़ा ड्रग नेटवर्क ध्वस्त, 1.284 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
Feb 11, 2026 5:11 AM
चंडीगढ़: शहर में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल ने अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ किया है। टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 1 किलो 284 ग्राम चरस बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों में एक स्थानीय सप्लायर और दूसरा स्रोत बताया जा रहा है, जिसे हिमाचल प्रदेश के कसोल क्षेत्र से दबोचा गया।
5 फरवरी को ऑपरेशन सेल की टीम गश्त के दौरान मौलीजागरां स्थित शिव मंदिर के पास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान एक युवक बैग लेकर घूमता मिला। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे काबू कर लिया। तलाशी में उसके बैग से 1 किलो 56 ग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान राहुल (चरखी दादरी, हरियाणा निवासी) के रूप में हुई। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर रिमांड लिया गया।
रिमांड के दौरान राहुल ने खुलासा किया कि वह चरस मणिकर्ण, कुल्लू निवासी कृष्ण चंद से लाता था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हिमाचल प्रदेश में दबिश देकर कृष्ण चंद को गिरफ्तार किया और उसके पास से 228 ग्राम चरस बरामद की। जांच में सामने आया कि दोनों लंबे समय से ट्राइसिटी में नशे की सप्लाई कर रहे थे।